देवरिया में ट्रेन से 30.23 लाख रुपये नकद बरामद, संदिग्ध युवक हिरासत में; गोरखपुर ले जाने का दावा
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। यात्रियों की सुरक्षा और अवैध नकदी के परिवहन पर निगरानी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी देवरिया को बड़ी सफलता मिली है। वैशाली एक्सप्रेस में चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक युवक के बैग से 30 लाख 23 हजार 200 रुपये नकद बरामद किए। रकम के संबंध में युवक कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी गई।
जीआरपी के मुताबिक, 12 सितंबर 2026 की रात ट्रेन संख्या 15565 वैशाली एक्सप्रेस में देवरिया सदर रेलवे स्टेशन से गोरखपुर जंक्शन की ओर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक युवक पर संदेह हुआ। उसके बैग की तलाशी लेने पर नोटों की गड्डियां मिलीं।
पूछताछ में युवक की पहचान मुकेश शर्मा (21), पुत्र राजकुमार शर्मा, निवासी बीनादेशर, थाना राजनदेशर, जिला चूरू, राजस्थान के रूप में हुई। बैग की तलाशी में कुल ₹30,23,200 नकद बरामद किए गए।
गोरखपुर में रकम पहुंचाने का दावा
प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया कि वह अपने चचेरे भाई गोविंद के कहने पर एक पार्टी तक रुपये पहुंचाने जा रहा था। इसके बदले उसे कमीशन मिलने की बात भी सामने आई है। युवक के अनुसार, गोरखपुर पहुंचने के बाद उसे फोन के जरिए संपर्क करने वाले एक व्यक्ति को रकम सौंपनी थी।
हालांकि, पुलिस द्वारा नकदी के स्रोत और उससे संबंधित दस्तावेज मांगे जाने पर युवक कोई वैध प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। रकम कहां से आई और इसे किस व्यक्ति को सौंपा जाना था, इसको लेकर पुलिस जांच कर रही है।
आयकर विभाग को दी गई सूचना
बरामद नकदी और युवक को जीआरपी थाना देवरिया लाया गया। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों के साथ आयकर विभाग के उपनिदेशक (जांच), यूनिट गोरखपुर को भी दी गई है। पुलिस बरामद धनराशि के स्रोत, संभावित प्राप्तकर्ता और युवक के आपराधिक इतिहास के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
बरामद 30.23 लाख रुपये को नियमानुसार कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही नकदी के वास्तविक स्रोत और उद्देश्य के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
कार्रवाई करने वाली टीम
कार्रवाई में जीआरपी थाना देवरिया के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पाण्डेय, मुख्य आरक्षी धीरेन्द्र चौहान, आरक्षी प्रवीण कुमार पाण्डेय, आरक्षी मो. मुस्तफा और आरक्षी मिथुन कुमार शामिल रहे।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे लखनऊ रामकृष्ण भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सवि रत्न गौतम के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
बीकापुर में सपा की सियासत गर्म, युवा चेहरे के रूप में हरिशंकर की दावेदारी चर्चा…
चौधरी चरण सिंह निरीक्षण भवन का किया लोकार्पण संत कबीर नगर(राष्ट्र की परम्परा)। सिंचाई एवं…
निःशुल्क मेहंदी शिविर में उमड़ी माताओं-बहनों की भीड़, छात्राओं ने हुनर से सजाए हाथ महराजगंज…
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। “जो राजनीतिक दल सैथवार समाज को पांच या उससे…
सलेमपुर/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)l भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को मनाए जाने वाले…
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे गरीब परिवार के अरमानों…