सात माह पहले ही बुद्धेश के हाथों में सजी थी मेहंदी, मां और पत्नी की उजड़ गई दुनिया, मौत की वजह तलाशने में जुटी पुलिस
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। नौतनवां थाना क्षेत्र के बैरवां चन्दन पुर टोला कड़जहिंया गांव में सोमवार की सुबह एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गांव के पश्चिम स्थित पोखरे के पास छठ घाट से सटे आम के बगीचे में 22 वर्षीय युवक का शव पेड़ से रस्सी के सहारे लटकता मिला। सुबह-सुबह युवक का शव देखते ही गांव में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते घटना-स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान गांव निवासी बुद्धेश साहनी पुत्र स्व. चीनक के रूप में हुई। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां और पत्नी का विलाप देख मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
सूचना मिलते ही नौतनवां पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवा कर कब्जे में लिया और पंचनामा सहित आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। हर किसी की जुबान पर एक ही सवाल है कि आखिर हंसते- खेलते परिवार पर यह दुखों का पहाड़ कैसे टूट पड़ा?
परिजनों के अनुसार बुद्धेश रविवार रात गांव के पश्चिम स्थित पोखरे के पास छठ घाट पर गया था। छठ पर्व के अवसर पर घाट के समीप डीजे बजाकर आयोजन किया जा रहा था। पोखरे के पास ही आम का बगीचा है। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने बगीचे में एक आम के पेड़ से युवक का शव लटकता देखा। यह खबर गांव में आग की तरह फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। घटना-स्थल पर पहुंचे परिवार के लोगों ने जब बुद्धेश का शव देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बुद्धेश तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई का नाम उमेश और मझले भाई का नाम महेश है। करीब सात माह पहले ही उसकी शादी दुर्गावती से हुई थी। अभी वैवाहिक जीवन की खुशियां ठीक से परवान भी नहीं चढ़ पाई थीं कि इस दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। पति की मौत से नवविवाहिता दुर्गावती का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं बेटे को खोने के गम में मां राजमती बदहवास हैं। परिवार की खुशियां एक झटके में मातम में बदल गईं।
युवक की मौत को लेकर गांव में तरह- तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पारिवारिक तनाव को भी घटना की संभावित वजह बताया जा रहा है, हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। युवक किन परिस्थितियों में आम के पेड़ तक पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
नौतनवां थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि युवक का शव आम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटकता हुआ बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
जिला स्तरीय पीपीटी चैंपियनशिप में 24 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, स्वर्णिमा प्रथम और शिव प्रकाश…
प्रो. राजश्री पाण्डेय छठ महापर्व के सांस्कृतिक आयोजन में हुईं सम्मानित, कुलपति ने दी बधाई…
चोरी के जेवर और तमंचा बरामद शाहजहांपुर(राष्ट्र की परम्परा)पुलिस चेकिंग के दौरान बाइक सवार एक…
रतनपुर ब्लॉक के पास हुआ भीषण हादसा, युवती समेत दो गंभीर घायल, दोनों के पैर…
नागरिक स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे परिवार और मकान से जुड़ी जानकारी, व्यक्तिगत आंकड़ों की…
अभिलेखों की सुरक्षा से लेकर कर्मचारियों के बेहतर कार्य वातावरण तक की होगी व्यवस्था देवरिया…