
बलिया (राष्ट्र की परम्परा)
1942 का अगस्त महीना भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। जब राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने ‘भारत छोड़ो’ का नारा दिया, तब पूर्वांचल की वीरभूमि बलिया ने इस आह्वान को सबसे पहले और सबसे प्रभावी रूप में स्वीकार किया। इस धरती ने न केवल अंग्रेजी सत्ता को खुली चुनौती दी, बल्कि पूरे जिले को एक समय के लिए स्वतंत्र गणराज्य का स्वरूप भी दे दिया।
9 अगस्त 1942 को बलिया के साहसी युवक सूरज प्रसाद (आयु मात्र 15 वर्ष) ने सेंसरशिप के बावजूद एक हिंदी समाचार पत्र के माध्यम से गांधीजी समेत अन्य नेताओं की गिरफ्तारी की खबर उमाशंकर सिंह तक पहुँचाई। सूरज प्रसाद ने भोपा बजाकर पूरे जनपद को आंदोलन के लिए तैयार किया। अगले ही दिन, 10 अगस्त की सुबह, उमाशंकर सोनार और उनके साथियों ने ओक्डेनगंज चौकी के पास क्रांति का शंखनाद किया। यह जुलूस नगर परिक्रमा करता हुआ चौक तक पहुँचा और एक विशाल सभा में बदल गया।
12 अगस्त को आंदोलन ने पूरे जिले को अपनी गिरफ्त में ले लिया। स्कूल के बच्चों के जुलूस पर अंग्रेजी पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इससे जनता का गुस्सा और भड़क उठा।
13 अगस्त को बलिया कचहरी पर पहली बार राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।
14 अगस्त को महिलाओं और छात्राओं ने भी आंदोलन का मोर्चा संभाल लिया। बाँसडीह में छात्रों का जुलूस कांग्रेस कमेटी के दफ्तर तक पहुँच गया। 15 अगस्त को जिलेभर में क्रांतिकारियों ने एकजुट होकर विशाल प्रदर्शन किया। हजारों की संख्या में लोग ‘भारत छोड़ो’ और ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे लगाते हुए सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पहुँचे और अंग्रेजों की हड़बड़ी में रेल पटरियाँ उखाड़ डाली 16 अगस्त को बलिया की वीरांगनाओं ने जुलूस निकाला। अंग्रेजों ने लोहापट्टी में गोली चला दी, जिसमें 9 क्रांतिकारी शहीद हो गए। चितबड़ागाँव रेलवे स्टेशन को आग के हवाले कर दिया गया। नरही थाने के थानेदार ने स्वयं तिरंगा फहराया। सहतवार और रसड़ा में भी थाना, डाकखाना और रेलवे स्टेशन जनता ने फूंक डाले। 17 अगस्त को बाँसडीह तहसील पर जनता का कब्जा हो गया। 18 अगस्त को बाँसडीह व रेवती के थाने जला दिए गए। लेकिन बैरिया की घटना इतिहास का अनोखा अध्याय बन गई। हजारों क्रांतिकारियों के साथ करीब 50 महिलाएँ भी बैरिया थाने पर एकत्र हुईं। अंग्रेज थानेदार ने गोली चलाने का आदेश दिया, जिसमें 19 लोग शहीद हो गए। इसी दौरान 18 वर्षीय वीर कौशल कुमार ने अपने प्राणों की परवाह किए बिना थाने की छत पर चढ़कर तिरंगा फहरा दिया। तभी अंग्रेज सिपाही महमूद खाँ ने गोली मार दी। वीर कौशल कुमार तिरंगा लिए लहूलुहान होकर शहीद हो गए। यह दृश्य आज भी स्वतंत्रता संग्राम की अमर गाथा के रूप में याद किया जाता है। 19 अगस्त 1942 को अंग्रेजी हुकूमत की नींव बलिया में हिल गई। क्रांतिकारियों ने जेल का फाटक तोड़कर पं. चित्तू पांडेय, राधामोहन सिंह, पं. महानंद मिश्र, विश्वनाथ चौबे सहित कई क्रांतिकारियों को मुक्त कर दिया।
कुछ दिनों के लिए बलिया स्वतंत्र गणराज्य बन गया, जहाँ जनता स्वयं अपने निर्णय ले रही थी और अंग्रेजी शासन पूरी तरह पस्त हो चुका था।
बलिया की इस क्रांति ने पूरे देश को झकझोर दिया। बलिदानी कौशल कुमार, सूरज प्रसाद, उमाशंकर सोनार, पं. चित्तू पांडेय और अज्ञात शहीदों के नाम आज भी इस धरती को “बगावत की जननी” बनाते हैं।
आजादी की इस जंग में बलिया ने यह साबित कर दिया कि जब जनता संगठित होकर उठ खड़ी होती है, तो साम्राज्य की जड़ें भी हिल जाती हैं। अगस्त क्रांति का यह गौरवशाली अध्याय बलिया की पहचान है और देश की आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देता रहेगा। ।
- पंडित चित्तू पांडेय (1882–1946) बलिया क्रांति के शीर्ष नेता, जिन्हें “बलिया का नेपोलियन” कहा गया। 19 अगस्त 1942 को जब अंग्रेजों को खदेड़ा गया, तो चित्तू पांडेय को “स्वतंत्र बलिया गणराज्य” का प्रमुख घोषित किया गया। उनका साहस और नेतृत्व बलिया को स्वतंत्रता आंदोलन का तीर्थस्थल बना गया।
- कौशल कुमार (आयु : 18 वर्ष)
18 अगस्त 1942 को बैरिया थाने की छत पर तिरंगा फहराते समय अंग्रेजी सिपाही महमूद खाँ की गोली से शहीद। वीरता और बलिदान का ऐसा उदाहरण, जिसने बलिया को सदा के लिए गर्वान्वित कर दिया। - सूरज प्रसाद (आयु : 15 वर्ष)
9 अगस्त 1942 को सेंसर के बाद भी समाचार पत्र लेकर आंदोलन की जानकारी जनता तक पहुँचाने वाले साहसी किशोर। उनकी भूमिका ने पूरे बलिया में आंदोलन की चिंगारी सुलगा दी।4. उमाशंकर सोनार 10 अगस्त को ओक्डेनगंज चौकी पर क्रांति का शंखनाद करने वाले क्रांतिकारी। इनके नेतृत्व में पहली क्रांतिकारी सभा निकली, जिसने पूरे शहर को आंदोलन में झोंक दिय 5. राधामोहन सिंह जेल से मुक्त हुए प्रमुख क्रांतिकारियों में शामिल। बलिया की स्वतंत्रता सरकार की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका में रहे 6. पंडित महानंद मिश्र बलिया क्रांति के विद्वान एवं समाजसेवी। जेल से छूटने के बाद स्वतंत्र बलिया गणराज्य की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई। 7. विश्वनाथ चौबे बलिया की क्रांति के अग्रिम पंक्ति के नेता। जनता को संगठित करने और अंग्रेजी सत्ता को चुनौती देने में उनका योगदान अमूल्य रहा। 8. वीर शहीद (लोहापट्टी गोलीकांड, 16 अगस्त 1942)
अंग्रेजी गोलियों से शहीद हुए 9 क्रांतिकारी, जिनके नाम आज भी बलिया की मिट्टी में अमर हैं। 9. क्रांतिकारी महिलाएँ बलिया की अगस्त क्रांति में महिलाओं ने भी कंधे से कंधा मिलाकर हिस्सा लिया। बैरिया में थाने पर धावा बोलने वालों में लगभग 50 महिलाएँ शामिल थीं। इन वीरांगनाओं ने समाज में स्वतंत्रता संग्राम की नई चेतना जगाई।
बलिया की अगस्त क्रांति ने यह साबित कर दिया कि स्वतंत्रता की लड़ाई केवल नेताओं तक सीमित नहीं थी, बल्कि इसमें बच्चे, महिलाएँ, किसान और आम लोग समान रूप से शामिल थे।
More Stories
तहसील दिवस को अवकाश रहने से सोमवार को जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा सुनी जा रही है जनता की फरियाद
ट्रेक्टर पलटा ड्राइवर गंभीर
ट्रेन की चपेट में आने से पान विक्रेता की दर्दनाक मौत