16 दिसंबर तक नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और नाम हटवाने के लिए लिए जाएंगे दावे-आपत्तियां, 4 जनवरी 2027 को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
मऊ (राष्ट्र की परम्परा)। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की तिथियों में संशोधन किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन से लेकर दावे-आपत्तियों के निस्तारण और अंतिम प्रकाशन तक की नई समय-सारिणी निर्धारित कर दी गई है।इस संबंध में अपर जिलाधिकारी श्री प्रवेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जा रहा है। संशोधित कार्यक्रम के तहत 2 नवंबर 2026 तक मतदान स्थलों के युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन का कार्य पूरा किया जाना निर्धारित है। इस चरण की पूर्व निर्धारित तिथि में कोई बदलाव नहीं किया गया है।उन्होंने बताया कि 17 नवंबर 2026 को एकीकृत प्रारूप निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, पहले से दर्ज विवरण में संशोधन कराने तथा अपात्र या अन्य कारणों से नाम हटवाने के लिए दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।निर्वाचन आयोग की समय-सारिणी के अनुसार प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। अंतिम प्रकाशन की तिथि में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि संशोधित समय-सारिणी के अनुसार पुनरीक्षण से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने निर्वाचक नामावलियों को शुद्ध, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाए रखने के लिए पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर जोर दिया।संशोधित कार्यक्रम की प्रमुख तिथियां* 2 नवंबर 2026 : मतदान स्थलों का युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन।* 17 नवंबर 2026 : प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन।* 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 : दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करना।* 28 दिसंबर 2026 : दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण।* 4 जनवरी 2027 : अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन।
