
मऊ (राष्ट्र की परम्परा)। दीपावली के पावन अवसर पर जिला आकांक्षा समिति की अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की पत्नी श्रीमती रविंदर कौर सैनी ने राजकीय संप्रेषण गृह (किशोर) में निरुद्ध किशोरों के बीच पहुंचकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। उन्होंने वहां रह रहे 127 किशोरों को मिठाई एवं फल वितरित कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम के दौरान किशोरों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर श्रीमती सैनी का अभिनंदन किया। इसके बाद भजन की प्रस्तुति से वातावरण भक्तिमय और भावपूर्ण हो गया। श्रीमती रविंदर कौर सैनी ने किशोरों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें जीवन में सकारात्मक सोच अपनाने, अपनी गलतियों से सीख लेने और बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।इस अवसर पर जिला आकांक्षा समिति की सदस्य एवं उप जिलाधिकारी सदर कुंवर सचिन सिंह की पत्नी श्रीमती जागृति सिंह भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया तथा उप जिलाधिकारी सदर कुंवर सचिन सिंह की उपस्थिति रही।समिति की अध्यक्ष एवं सदस्य ने किशोरों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके जीवन में नई आशा, ऊर्जा और सकारात्मक बदलाव आने की कामना की। इस आयोजन के माध्यम से किशोरों को यह संदेश दिया गया कि त्योहार केवल खुशियां मनाने का अवसर नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के साथ अपनत्व और खुशियां साझा करने का भी पर्व है।
