कम उम्र के लड़के-लड़कियों को बुलाकर हुक्के का नशा कराने की सूचना पर कार्रवाई
गोरखपुर(राष्ट्र क़ी परम्परा)
खोराबार थाना क्षेत्र के फॉरेस्ट क्लब स्थित ओमेगा पार्टी हॉल में कथित रूप से अवैध हुक्काबार संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने रविवार को कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से सात हुक्के, फ्लेवरयुक्त तंबाकू के पांच छोटे पैकेट, कोयले के तीन बॉक्स, हुक्के के डिस्पोजेबल माउथ टिप्स और दो कोल बर्नर बरामद किए गए। मामले में चार अन्य लोगों को वांछित किया गया है, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि फॉरेस्ट क्लब के ओमेगा नामक पार्टी हॉल में अवैध रूप से हुक्काबार चलाया जा रहा है। आरोप है कि यहां कम उम्र के लड़के-लड़कियों को लाइसेंस होने का झांसा देकर बुलाया जाता था और उन्हें हुक्के के नशे का आदी बनाया जा रहा था। इसके एवज में प्रति व्यक्ति 1500 से 2000 रुपये तक वसूले जाने की बात भी सामने आई। सूचना के आधार पर खोराबार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और दो आरोपियों को हुक्काबार से संबंधित सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान मौके से कुछ अन्य लोग भाग निकले।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के अजमेर जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र के मदनगंज निवासी रवि दग्दी और बलरामपुर जिले के बलरामपुर कोतवाली क्षेत्र के सिरसिया निवासी अखिलेश वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से सात हुक्के बरामद किए, जिनमें पाइप और चिलम लगी हुई थी। इसके अलावा फ्लेवरयुक्त तंबाकू के पांच छोटे पैकेट, क्यूब कोल यानी हुक्के में इस्तेमाल होने वाले कोयले के तीन बॉक्स, जिनमें दो खुले और एक बंद पैकेट बताया गया है, आठ डिस्पोजेबल माउथ टिप्स और दो कोल बर्नर बरामद किए गए।
इस मामले में खोराबार थाने में मुकदमा अपराध संख्या 496/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 271 और 223 तथा सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम की धारा 21/22 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। हुक्काबार के संचालन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में चार अन्य लोगों को वांछित किया है। इनमें कैंट थाना क्षेत्र के दक्षिण बेतियाहाता स्थित मन्नत हाउस निवासी रक्ष ढींगरा, शाहपुर थाना क्षेत्र की बिछिया रेलवे कॉलोनी निवासी सोनू गुप्ता तथा दीपक और सागर शामिल हैं। दीपक और सागर के पते की जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
अवैध हुक्काबार के संचालन और कम उम्र के युवाओं को कथित तौर पर हुक्के के सेवन के लिए बुलाए जाने की सूचना को पुलिस गंभीरता से ले रही है। बरामद सामान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
