तीन से छह वर्ष के बच्चों को नियमित आंगनबाड़ी केंद्र भेजने की अपील, चेयरमैन ने बांटी पुस्तकें और चाकलेट

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। नौतनवां कस्बा स्थित प्राथमिक कंपोजिट विद्यालय में बुधवार को संचालित बाल वाटिका में माता उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. वीरेंद्र कुमार त्रिपाठी ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाल वाटिका में नन्हे-मुन्ने बच्चों को उनकी रुचि और उम्र के अनुरूप खेल, कला, संगीत, बालगीत और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सीखने के लिए प्रेरित किया जाता है। उन्होंने माताओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बच्चों के लिए उपलब्ध कलांकुर, चहक और कदम पुस्तकों से परिचित कराया और इनके माध्यम से बच्चों में सीखने की रुचि विकसित करने के तरीकों की जानकारी दी।
उन्होंने अभिभावकों से तीन से छह वर्ष तक के बच्चों का आंगनबाड़ी केंद्र पर नियमित प्रवेश कराने के साथ उन्हें प्रतिदिन केंद्र तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के पोषण के साथ उनके शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए विभिन्न गतिविधियां एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। माताओं से आस-पास की अन्य महिलाओं को भी बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्र भेजने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया। विद्यालय के शिक्षक शिव शंकर मद्धेशिया ने अपने संबोधन में कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के रुचि पूर्ण ज्ञानवर्धन और सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। यह उद्देश्य तभी पूरा हो सकता है, जब अभिभावक बच्चों का केवल प्रवेश ही न कराएं, बल्कि उन्हें नियमित रूप से केंद्र तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी निभाएं। उन्होंने कहा कि बच्चे, अभिभावक और शिक्षक—तीनों के सामूहिक सहयोग से ही बच्चे का अपेक्षित विकास संभव है।
कार्यक्रम में रीता कुमारी, लक्ष्मी गुप्ता, विभा मिश्रा, संगीता सिंह, उमेशचंद्र, फरहत, रुची जायसवाल, शशि जायसवाल, वंदना, श्वेता अग्रहरी, संतोषी देवी, कंवलजीत कौर, गीता, तारा, प्रभावती, सुशीला समेत बड़ी संख्या में माताएं एवं अभिभावक उपस्थित रहें। कार्यक्रम का सफल संचालन रामाज्ञा यादव ने किया।
कार्यक्रम के समापन पर नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने बच्चों को पुस्तकें वितरित की और चाकलेट देकर उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रोत्साहित किया।