Saturday, May 16, 2026
HomeNewsbeatपुराने राजस्व मामलों के त्वरित निस्तारण पर जिलाधिकारी सख्त, रुद्रपुर सम्पूर्ण समाधान...

पुराने राजस्व मामलों के त्वरित निस्तारण पर जिलाधिकारी सख्त, रुद्रपुर सम्पूर्ण समाधान दिवस में 61 शिकायतें पहुंची

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)
तहसील रुद्रपुर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान पुराने राजस्व मामलों के लंबित रहने पर अधिकारियों को सख्त चेतावनी भी दी गई।
समाधान दिवस में अधिशासी अभियंता आरईडी और जलनिगम की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए दोनों अधिकारियों का स्पष्टीकरण तलब किया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी सुबह 10 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर समाधान दिवस का संचालन सुनिश्चित करें।
राजस्व मामलों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने धारा 24 और 116 से जुड़े पांच-पांच पुराने मामलों की फाइलें मंगाकर जांच की। तहसीलदारों को निर्देश दिया गया कि वर्ष 2023, 2024 और 2025 के लंबित मामलों का प्रभावी अनुश्रवण कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। लापरवाही पाए जाने पर प्रतिकूल प्रविष्टि की कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
बंटवारे से जुड़े मामलों में पारित आदेशों के पालन पर भी जिलाधिकारी ने सख्ती दिखाई। उन्होंने कहा कि आदेश जारी होने के बाद भी यदि अनुपालन लंबित रहता है तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण सत्रों की जांच के लिए लगभग डेढ़ दर्जन जिला स्तरीय अधिकारियों को आंगनबाड़ी केंद्रों पर भेजा गया। निरीक्षण के दौरान गर्भवती महिलाओं की जांच, दवाओं और उपकरणों की उपलब्धता, मातृ शिशु कार्ड तथा बच्चों के नियमित वजन की स्थिति की जांच करने के निर्देश दिए गए।
चिलमन मुहान निवासी फरियादी की धारा 176 से संबंधित शिकायत पर जिलाधिकारी ने चकबंदी और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर स्थलीय निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। वहीं उसरा बाजार में इंटरलॉकिंग सड़क पर अतिक्रमण की शिकायत मिलने पर उप जिलाधिकारी को मौके पर जाकर जांच और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने को कहा गया।
समाधान दिवस में ग्राम कोरवा निवासी दिव्यांग महिला लुरकी देवी को ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने और उनका आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया तहसील परिसर में ही शुरू कराई गई। ग्राम पिंडरी से जुड़े विवादित प्रकरण में दो लेखपालों और पुलिस टीम को मौके पर भेजकर समाधान कराने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को भूमि विवाद और पारिवारिक मामलों में राजस्व विभाग के साथ समन्वय बनाकर कार्रवाई करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 61 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग के 27, पुलिस विभाग के 8, विकास विभाग के 6, खाद्य एवं रसद विभाग के 4 तथा अन्य विभागों के 16 मामले शामिल रहे।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी रुद्रपुर अवधेश निगम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ए.के. गुप्ता, तहसीलदार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments