कोटा/राजस्थान (राष्ट्र की परम्परा)। राजस्थान के कोटा में शनिवार, 7 फरवरी 2026 को एक बड़ा हादसा सामने आया। जवाहर नगर थाना क्षेत्र के ओपेरा हॉस्पिटल रोड पर स्थित दिल्ली स्पाइस मुरादाबादी नामक नॉनवेज रेस्टोरेंट की इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय रेस्टोरेंट की बिल्डिंग में कई लोग मौजूद थे। मलबे में 10 से 15 लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई है। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए। तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर मलबा हटाने का काम किया गया।
जिला प्रशासन के अनुसार अब तक मलबे से 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पहले चरण में पांच घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा गया था, जिसके बाद राहत कार्य तेज होने पर घायलों की संख्या बढ़कर 10 हो गई। सभी घायलों को इलाज के लिए कोटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
ये भी पढ़े – औचक निरीक्षण में डीएम ने परखी विकास खंड गौरीबाजार की कार्यसंस्कृति, दिए सुधार के निर्देश
हादसे की गंभीरता को देखते हुए दो जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति भी अस्थायी रूप से काट दी गई है। प्रशासन का कहना है कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी तरह समाप्त होने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। इसके अलावा राजस्थान सरकार में शिक्षा एवं पंचायती राज विभाग के कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से रेस्क्यू की जानकारी ली और बाद में अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल जाना।
मंत्री मदन दिलावर के कार्यालय की ओर से हादसे में दो बच्चों की मौत का दावा किया गया है, हालांकि प्रशासन ने अभी तक किसी भी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जिला प्रशासन का कहना है कि जब तक मलबा पूरी तरह हटाकर रेस्क्यू कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
फिलहाल राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर डटी हुई हैं और मलबे में दबे संभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
Read this: https://ce123steelsurvey.blogspot.com/2025/10/shear-strength-of-soil-mohr-coulomb.html?m=1
