Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमनियर पुलिस को बड़ी सफलता, 85 हजार लीटर लहन नष्ट, 18 अवैध...

मनियर पुलिस को बड़ी सफलता, 85 हजार लीटर लहन नष्ट, 18 अवैध भट्ठियां ध्वस्त

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में अवैध शराब की बिक्री, निर्माण एवं मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मनियर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में चल रहे सघन चेकिंग व छापेमारी अभियान के दौरान थाना मनियर क्षेत्र में घाघरा नदी के उस पार तथा बिहार बॉर्डर से सटे दुर्गम व वन क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला एवं क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र के निर्देशन तथा थानाध्यक्ष मनियर कौशल कुमार पाठक के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम ने छापेमारी के दौरान अवैध कच्ची देशी शराब के निर्माण में प्रयुक्त भारी मात्रा में सामग्री बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दी।
पुलिस द्वारा शराब बनाने के उपकरण, लहन, नौसादर, फिटकिरी सहित अन्य सामग्री नष्ट की गई। इस दौरान लगभग 85,000 लीटर लहन नष्ट किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत काफी अधिक बताई जा रही है। साथ ही अवैध शराब निर्माण की 18 भट्ठियों को भी पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार ये भट्ठियां लंबे समय से सक्रिय थीं, जिनके माध्यम से अवैध कच्ची शराब का निर्माण कर आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई की जा रही थी। हालांकि छापेमारी के दौरान कोई भी आरोपी मौके से गिरफ्तार नहीं हो सका। पुलिस का मानना है कि कार्रवाई की भनक लगते ही शराब तस्कर फरार हो गए।
थानाध्यक्ष मनियर कौशल कुमार पाठक ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ थाना स्तर पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि अवैध शराब निर्माण या बिक्री की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments