
ग्रामीणों को हरसंभव मदद का भरोसा, संपर्क मार्ग निर्माण को लेकर दी स्वीकृति का आश्वासन
आगरा (राष्ट्र की परम्परा)। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार, जयवीर सिंह ने रविवार को आगरा जनपद के बाह क्षेत्र में चंबल नदी के बढ़ते जलस्तर से प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने हालात का जायजा लेते हुए राहत चौकियों और स्वास्थ्य कैंप का निरीक्षण किया तथा बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित की। बाह विधायक, जिला प्रशासन व पुलिस अधिकारियों के साथ निरीक्षण मा. मंत्री के साथ बाह विधायक रानी पक्षालिका सिंह, जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) शुभांगी शुक्ला मौजूद रहे। मंत्री ने पुरा भगवान गांव स्थित बाढ़ राहत चौकी और स्वास्थ्य कैंप का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ग्रामीणों ने रखा संपर्क मार्ग निर्माण का मुद्दा निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने भगवानपुरा और धांधूपुरा के बीच संपर्क मार्ग निर्माण की मांग रखी, जिससे गांव की दूरी 7 किलोमीटर कम हो जाएगी। मंत्री ने बताया कि यह क्षेत्र लाइन सफारी के अंतर्गत आता है, और उन्होंने आश्वासन दिया कि 05 अगस्त को मुख्यमंत्री के आगरा आगमन पर इस मार्ग के निर्माण हेतु अनुमति की स्वीकृति ली जाएगी। राहत किट में 28 से अधिक आवश्यक वस्तुएं प्रशासन द्वारा 175 परिवारों को राहत किट दी गई, जिसमें चावल (10 किलो), अरहर दाल (10 किलो), आलू (10 किलो), चना (2 किलो), भुना चना (2 किलो), नमक (1 किलो), तेल (1 किलो), बिस्कुट (10 पैकेट), तिरपाल, बाल्टी, मग, मसाले, मोमबत्ती, माचिस, नहाने और कपड़े धोने का साबुन, सेनेट्री पेड, डिस्पोजेबल बैग, डिटॉल/सेवलॉन, सूती कपड़ा और तौलिया सहित कुल 28 से अधिक आइटम शामिल थे। स्वास्थ्य जांच और दवाओं का वितरण स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए कैंप में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई और आवश्यक दवाएं मुफ्त उपलब्ध कराई गईं। मंत्री ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने प्रशासनिक सहयोग पर संतोष व्यक्त किया। मंत्री का आश्वासन मंत्री ने राहत कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और कहा कि सरकार हर बाढ़ पीड़ित तक मदद पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि किसी को भी आवश्यक सामग्री या चिकित्सा सुविधा से वंचित नहीं रखा जाएगा।
