
नई दिल्ली (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)आगामी संसद के मानसून सत्र को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी रणनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की एक अहम बैठक हुई, जिसमें संसद सत्र की रणनीति और संभावित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, किरें रिजिजू, मनोहर लाल खट्टर, एल. मुरुगन, अर्जुन राम मेघवाल और सीआर पाटिल सहित अन्य प्रमुख नेता शामिल हुए। यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब 22 जुलाई से संसद का मानसून सत्र शुरू होने जा रहा है।
बैठक में संसद सत्र के दौरान विपक्ष के संभावित हमलों से निपटने की रणनीति, महत्वपूर्ण विधेयकों की प्रस्तुति, और सरकार की नीतियों को प्रभावी ढंग से सदन में रखने पर विचार किया गया। यह भी तय किया गया कि विपक्ष के आरोपों का जवाब सशक्त तरीके से दिया जाएगा।
इसी कड़ी में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने घोषणा की है कि वे सोमवार से संसद सत्र से पहले सभी राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों का उद्देश्य सदन की कार्यवाही को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए विपक्ष और अन्य दलों से सहयोग प्राप्त करना है।
इस बार का मानसून सत्र कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार कुछ बड़े विधेयकों को पेश कर सकती है, जिनमें यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) पर चर्चा की संभावनाएं भी जताई जा रही हैं। इसके अलावा हाल ही में हुए राजनीतिक घटनाक्रमों पर भी संसद के भीतर तीखी बहस की उम्मीद है।
More Stories
युवक की चाकू मारकर हत्या, बाजार में मची अफरातफरी
निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में मजदूर की दर्दनाक मौत, परिजनों ने किया विरोध प्रदर्शन, मुआवजा व नौकरी की उठाई मांग
दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर यातायात पुलिस देवरिया का अभियान, 134 वाहनों का ई-चालान, 2 सीज