
बलिया(राष्ट्र की परम्परा)
सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के चांडी गांव में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। गांव निवासी देवचंद राजभर की छह वर्षीय बेटी रोशनी को एक विषैले सांप ने डस लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।
सुबह घर के कमरे से बाहर निकलते समय सांप ने बच्ची को डंस लिया। रोशनी ने बाहर आकर परिजनों को बताया कि उसे किसी चीज ने काटा है, लेकिन शुरुआत में परिजन इस बात को गंभीरता से नहीं ले सके।
कुछ घंटे बाद जब रोशनी की तबीयत बिगड़ने लगी और उसके मुंह से झाग निकलने लगा, तब परिजन घबरा गए। वे आनन-फानन में उसे लेकर सिकंदरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हालत में सुधार न होने पर परिजन उसे पहले सिकंदरपुर के एक निजी मिशन अस्पताल ले गए, लेकिन वहां भी राहत नहीं मिली। अंततः बेहतर इलाज की उम्मीद में बच्ची को मऊ जनपद स्थित फातिमा अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
