मुंडन और भजन की तैयारी के बीच मातम, डॉग स्क्वायड के साथ जांच में जुटी पुलिस
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम दरौली टोला अजमतपुर में एक 56 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। गुरुवार दोपहर से लापता महिला का शव शुक्रवार भोर में उसके घर के पीछे एक सुनसान स्थान पर मिलने से इलाके में दहशत और शोक का माहौल व्याप्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
मृतका की पहचान मुनक्का देवी 56 वर्ष पत्नी रामदुलारे यादव निवासी ग्राम दरौली टोला अजमतपुर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मुनक्का देवी गुरुवार दिन में करीब एक बजे के बाद अचानक घर से लापता हो गई थीं। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटीं तो परिवार के लोग चिंतित हो उठे और उनकी तलाश शुरू कर दी।
परिजनों और ग्रामीणों ने देर रात तक गांव की गलियों, खेत-मेड़ों और आस-पास के स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसी बीच शुक्रवार तड़के करीब चार बजे घर के पीछे एक सुनसान स्थान पर उनका शव पड़े होने की सूचना मिली। यह खबर फैलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष भिटौली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की पुलिस, चौकी प्रभारी और क्षेत्राधिकारी (सीओ) भी घटनास्थल पर पहुंच गए। कुछ ही देर में पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।
पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड टीम को भी बुलाया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाने और घटना के संभावित कारणों की पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस आस-पास के लोगों से पूछ-ताछ कर हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
परिजनों का कहना है कि जब महिला लापता हुई थी, तब गांव के लोगों ने उस स्थान पर भी कई बार देखा था जहां बाद में शव मिला, लेकिन उस समय वहां कुछ नहीं था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि किसी ने देर रात शव को वहां लाकर फेंक दिया हो।
परिवार वालों के अनुसार मृतका के शरीर पर पहने गए कुछ आभूषण भी गायब बताए जा रहे हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। परिजन सवाल उठा रहे हैं कि आखिर ऐसा कौन व्यक्ति है जिसने महिला की हत्या कर शव को देर रात तक कहीं छिपाकर रखा और बाद में घर के पीछे फेंक दिया।
मृतका का बेटा अपनी मां के हत्यारों को पकड़ने की गुहार लगाते हुए फफक कर रो पड़ा। उसे रोते देख वहां मौजूद ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। घर में महिलाएं विलाप कर रही थीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य गहरे सदमे में नजर आए।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को मृतका के घर भजन-कीर्तन और मुंडन संस्कार का कार्यक्रम होना था। घर में खुशियों की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। जहां भजन-कीर्तन की आवाज गूंजने वाली थी, वहां अब रोने-बिलखने की आवाजें सुनाई दे रही हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्यवाही पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने परिजनों को भरोसा दिलाया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा)। कैम्पेन अगेंस्ट स्टेट रिप्रेशन (CASR) ने उत्तर प्रदेश में कथित “माओवादी…
तेहरान (राष्ट्र की परम्परा)। ईरान और अमेरिका-इस्राइल के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईरान के…
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में पेट्रोल पंपों से बोतल, डिब्बा या अन्य कंटेनर में…
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सौराहा खास में…
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। आगामी 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय…
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि जनपद…