बालिकाओं की शिक्षा और महिला सशक्तीकरण पर जोर, सामाजिक कुरीतियां दूर करने की अपील

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत सोमवार को गड़वार ब्लॉक में बाल विवाह की रोकथाम और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेन्द्र कुमार पौत्सयायन और नवभारती नारी विकास समिति, बहेरी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस एवं महिला कल्याण विभाग की टीम ने लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।शारदीय नवरात्र के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बाल विवाह निषेध, बालिकाओं की शिक्षा, महिला सशक्तीकरण तथा महिलाओं और बच्चों के अधिकारों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। बालिकाओं को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही उनके लिए सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण तैयार करना भी जरूरी है।कार्यक्रम के दौरान लोगों से बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई। साथ ही कहा गया कि बाल विवाह की जानकारी मिलने पर संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, ताकि समय रहते हस्तक्षेप कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।इस मौके पर महिला सहायता प्रकोष्ठ, एएचटी थाना, गड़वार पुलिस, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, महिला कल्याण विभाग और वन स्टॉप सेंटर के प्रतिनिधियों के साथ सामाजिक कार्यकर्ता एवं अन्य लोग मौजूद रहे।