सोशल मीडिया पर भ्रामक फोटो-वीडियो डालने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई: एसपी
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में ईद-उल-अजहा (बकरीद) के दृष्टिगत सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा त्योहार को शांतिपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने धार्मिक प्रबुद्धजनों, संभ्रांत नागरिकों एवं शांति समिति के सदस्यों से संवाद करते हुए अपील की कि बकरीद का त्योहार परंपरागत ढंग से मनाया जाए तथा किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर पूर्व वर्षों से कुर्बानी दी जाती रही है, वहीं परंपरा कायम रखी जाए। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न दी जाए और किसी भी स्थिति में खुले में कुर्बानी न हो। उन्होंने लोगों से त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि कुर्बानी के बाद अपशिष्ट एवं अवशेष खुले में न फेंके जाएं। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देश दिया कि नमाज के मुख्य मार्गों का निरीक्षण कर जर्जर तारों को समय रहते ठीक कराया जाए तथा त्योहार के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जिला पंचायत राज अधिकारी एवं नगर निकायों को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने उपजिलाधिकारियों, पुलिस क्षेत्राधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहार के दौरान सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें और किसी प्रकार की लापरवाही न होने पाए।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कहा कि ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास विशेष साफ-सफाई, चूने का छिड़काव एवं जलापूर्ति की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कुर्बानी के बाद अवशेषों का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कराया जाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुर्बानी का फोटो या वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड न करें। ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों और थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि त्योहार के दौरान निरंतर भ्रमणशील रहकर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखें। धार्मिक संवेदनशील मामलों में माहौल बिगाड़ने वालों के विरुद्ध प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी जनपदवासियों को बकरीद की शुभकामनाएं देते हुए त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल स्थानीय पुलिस या संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, ताकि समय रहते उसका समाधान कराया जा सके।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कन्नौजिया, उप जिलाधिकारी हृदय राम तिवारी, अरुण कुमार, रविकांत चौबे, पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रियम राजशेखर पांडेय, अभय मिश्रा, अमित कुमार, नगर पंचायत मगहर अध्यक्ष प्रतिनिधि नूरुज्जमा अंसारी, सभासद अवधेश सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. तिवारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश चंद्र, जिला होमगार्ड कमांडेंट शैलेंद्र मिश्रा, एसडीओ विद्युत अनंत यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, ग्राम प्रधान एवं संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)।जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति…
गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के पादरी बाजार क्षेत्र स्थित मानस विहार कॉलोनी के छात्र…
बरहज/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)शुक्रवार को मोहन सेतु के पास सरयू नदी में नहाने गए तीन किशोरों…
हाइटेंशन लाइन बनी जानलेवा, ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप महराजगंज(राष्ट्र की…
उपभोक्ताओं को रात भर गोदाम पर रुकने को किया मजबूर—बीपीसीएल की सख्त कार्रवाई गोरखपुर(राष्ट्र की…
बलिया(राष्ट्र कि परम्परा ) जनपद में लगातार बढ़ रही गर्मी और संभावित हीट वेव को…