बलिया(राष्ट्र की परम्परा)
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा को नकलमुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सिकंदरपुर तहसील में प्रशासन ने अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षाओं के मद्देनजर 15 परीक्षा केंद्रों को अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया है। 231 बेसिक शिक्षकों की तैनाती, 24 घंटे पुलिस पहरा और ‘त्रिनेत्र’ सीसीटीवी निगरानी के बीच परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। तहसील क्षेत्र को तीन सेक्टर और चार जोन में विभाजित कर व्यापक सुरक्षा प्लान लागू किया गया है। कुल 15,128 परीक्षार्थी—हाईस्कूल के 7,266 तथा इंटरमीडिएट के 7,862 छात्र-छात्राएं—इन केंद्रों पर परीक्षा देंगे। सभी केंद्रों को संवेदनशील मानते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। नकल पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग के 231 शिक्षकों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें नवानगर ब्लॉक से 121, पन्दह से 95 और मनियर से 15 शिक्षक परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए हैं। इनकी भूमिका केवल कक्ष निरीक्षण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि केंद्रों पर अनुशासन बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और त्वरित सूचना तंत्र को मजबूत करने की भी होगी।
प्रश्नपत्र केंद्रों पर पहुंचते ही पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित कर दी गई है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 24 घंटे पुलिस जवान मुस्तैद रहेंगे। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, स्ट्रांग रूम की निगरानी और उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित संकलन तक हर चरण पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। साथ ही सभी केंद्रों को ‘त्रिनेत्र’ सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है, जिनकी निगरानी निरंतर की जाएगी ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई संभव हो सके।
पूरे परीक्षा संचालन की कमान जोनल मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी सिकंदरपुर सुनील कुमार के हाथों में है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार कीअनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नकल कराने, नकल की कोशिश करने या परीक्षा व्यवस्था में बाधा डालने वालों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा अवधि के दौरान क्षेत्र में धारा 163 लागू कर दी गई है। केंद्रों के आसपास फोटोस्टेट की दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। बाहरी तत्वों की आवाजाही पर रोक रहेगी तथा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी।
तीन सेक्टर, चार जोन, 15 परीक्षा केंद्र, 231 बेसिक शिक्षक, 24 घंटे पुलिस पहरा और ‘त्रिनेत्र’ की चौकसी के बीच सिकंदरपुर तहसील में इस बार बोर्ड परीक्षा को लेकर अभूतपूर्व सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है—नकल या अव्यवस्था की जरा सी भी कोशिश भारी पड़ेगी।
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। जनपद के घुघली थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक…
मिर्जापुर में फिल्मी अंदाज में वकील की हत्या मिर्जापुर (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। उत्तर प्रदेश…
गुवाहाटी (राष्ट्र की परम्परा)। Rajasthan Royals (RR) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए Royal Challengers Bengaluru…
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय ड्रग तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे…
उत्तर प्रदेश में शिक्षामित्रों को बड़ी राहत, मानदेय 10,000 से बढ़ाकर 18,000 रुपये प्रतिमाह लखनऊ…
गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के गृह विज्ञान विभाग में आयोजित…