पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, तीन युवा टेनिस खिलाड़ियों की मौत; तीन गंभीर
अयोध्या/कुमारगंज (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। माइलस्टोन 97.500 के पास सुबह करीब पांच बजे तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रहे एक अज्ञात ट्रक से जा टकराई। हादसे में देवरिया के तीन युवा टेनिस खिलाड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि कार में कुल छह लोग सवार थे। सभी लखनऊ में आयोजित टेनिस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के बाद देवरिया लौट रहे थे। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अर्टिगा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
मृतकों की पहचान देवरिया के लार थाना क्षेत्र के लखौरा निवासी नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) के रूप में हुई है। तीनों टेनिस खेल से जुड़े थे और टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के बाद घर लौट रहे थे। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना में आनंद यादव (23), तैयर बुजुर्ग निवासी राजू (22) और पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के जमुनी निवासी जयंतो शर्मा (30), पुत्र जनार्दन, गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को पहले कुमारगंज स्थित 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर कर दिया गया।
घायल जयंतो शर्मा के अनुसार, सफर के दौरान कार सवारों में कई लोग नींद में थे। इसी बीच अचानक हुई टक्कर के कारण किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा कर्मी और स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से हादसे की जानकारी ली।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ जांच शुरू कर दी है। हादसे की वजह, कार की गति और दुर्घटना में शामिल ट्रक की पहचान के लिए एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य उपलब्ध माध्यमों की मदद ली जा रही है।
तीन युवा खिलाड़ियों की अचानक मौत की खबर से देवरिया में उनके परिवारों और परिचितों के बीच शोक की लहर है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
वाराणसी (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। काशी की ऐतिहासिक धरती बुधवार को भारत-जापान की गहरी दोस्ती…
आरोपी अभिषेक की तस्वीर मुजफ्फरपुर/असम (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) । पाकिस्तान के लिए कथित तौर…
फोटो goo सीतामढ़ी (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। दिनेश यादव हत्याकांड के बाद फरार आरोपितों की…
RBI का बड़ा झटका! रेपो रेट बढ़कर 5.50%, होम-कार लोन की EMI होगी महंगी फोटो…
फोटो goo दिल्ली। (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) दिल्ली में INDIA ब्लॉक के प्रदर्शन के बाद…