तीन महिलाओं के सोने-चांदी के आभूषणों पर किया हाथ साफ, 500 मीटर दूर खेत में मिले खाली बॉक्स; 20 साल बाद गांव में हुई इतनी बड़ी चोरी से दहशत
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लक्ष्मीपुर एकडंगा के कोइरी टोला में चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और 80 हजार रुपये नकदी चोरी कर ली। चोरों ने रात के अंधेरे में मकान की दीवार में सेंध लगाकर वारदात को अंजाम दिया। घर में रखे दो बॉक्स उठाकर ले गए और उनमें रखे तीन महिलाओं के सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी निकालने के बाद खाली बॉक्स करीब 500 मीटर दूर खेत में फेंक दिए। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार, कोइरी टोला निवासी राम बहादुर पुत्र झिन्नू के मकान में बीती रात चोरों ने सेंध लगाकर प्रवेश किया। इसके बाद घर में रखे सामान और बॉक्स को खंगालना शुरू कर दिया। चोरों ने बॉक्स तोड़कर उसमें रखे तीन महिलाओं के कीमती आभूषण निकाल लिए। इसके अलावा घर में रखी 80 हजार रुपये की नकदी भी समेट ली। बताया जा रहा है कि यह नकदी खेत छुड़ाने के लिए परिवार ने जुटाकर रखी थी।वारदात के दौरान चोर घर में रखे दो बॉक्स भी अपने साथ ले गए। हालांकि, मकान से लगभग 500 मीटर दूर दोनों बॉक्स खाली हालत में खेत में मिले। सुबह परिजनों ने आसपास तलाश की तो चोरी की घटना का पता चला। कीमती जेवरात और नकदी गायब देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में करीब 20 वर्षों बाद चोरी की इतनी बड़ी घटना हुई है। इससे लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से गांव में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। वहीं, पीड़ित परिवार के सामने महिलाओं के आभूषण और खेत छुड़ाने के लिए रखी गई रकम चोरी होने से आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।घटना की सूचना मिलते ही सिंदुरिया थानाध्यक्ष अनूप तिवारी और चिऊटहा चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस ने घटना से जुड़े साक्ष्य एकत्र करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों से जल्द चोरी का पर्दाफाश कर आरोपितों को गिरफ्तार करने तथा चोरी गए आभूषण और नकदी बरामद करने की मांग की है।
गांव के बाहर खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव, एएसपी ने किया घटनास्थल का…
पुरानी रंजिश में युवकों ने घेरकर बेरहमी से पीटा, मारपीट का वीडियो वायरल; मुकदमा दर्ज…
28 यूनिट रक्तदान कर दिया मानवता और सेवा का संदेश देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)अयोध्या में श्रीराम…
मकान के पीछे खेत में पड़ा था नवजात शिशु, पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया; स्वास्थ्य परीक्षण…
दक्षिण एशिया की रैंकिंग में भी 37 स्थान का सुधार, देश के 325 संस्थानों में…
तकनीकी जांच और क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत की मांग, अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर जांच…