खेत में फसल देखने गया था आरुष, हादसे के बाद चालक फरार; पुलिस ने मशीन कब्जे में लेकर दर्ज किया मुकदमा
बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। रुपईडीहा थाना क्षेत्र के बक्सी गांव दाखिला शंकरपुर में गुरुवार शाम कंबाइन मशीन की चपेट में आने से दस वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बक्सी गांव निवासी रामनिवास का करीब दस वर्षीय पुत्र आरुष गुरुवार शाम अपना खेत देखने गया था। इसी दौरान पास के खेत में जुम्मन अली के यहां कंबाइन मशीन से फसल की कटाई हो रही थी। बताया जाता है कि इसी दौरान बालक मशीन की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद कंबाइन चालक मशीन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही बाबागंज चौकी प्रभारी मानवेन्द्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने कंबाइन मशीन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।उधर, मृतक के चाचा मनोज कुमार ने रुपईडीहा थाने में तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।मासूम आरुष की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में बच्चे की हंसी-खुशी गूंजती थी, वहां मातम पसरा हुआ है। घटना से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं। परिजन हादसे के लिए जिम्मेदार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।इस संबंध में रुपईडीहा थाना प्रभारी हरेंद्र मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कंबाइन मशीन को कब्जे में लेकर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
डीएम ने कलेक्ट्रेट से हरी झंडी दिखाकर वाहन को किया रवाना, बोले- पराली जलाने से…
90 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस, सीमांचल पत्रकार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने दी…
52 परीक्षा केंद्रों पर 23 हजार से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी…
अंगवस्त्र, छाता और टॉर्च भेंटकर दी गई विदाई, सेवाकाल के योगदान की हुई सराहना बहराइच…
परिवार का इकलौता कमाने वाला था मृतक, परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की लगाई…
आत्मनिर्भरता और जनकल्याण को देंगे नई गति -श्री केशव प्रसाद मौर्य लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा)…