सुपौल में दिनदहाड़े अपहरण और फायरिंग से हड़कंप, पुलिस ने युवक को अररिया से सकुशल बरामद किया
सुपौल (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। सुपौल जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र में एसएच-91 पर बेलागंज के समीप सोमवार को युवक के अपहरण और फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई शुरू की और जांच के बाद अपहृत युवक जिशान खान को अररिया जिले के फुलटाहा थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार करने के साथ घटना में इस्तेमाल चारपहिया वाहन भी बरामद किया है।
बाइक से जा रहे युवक को कार सवारों ने बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, महद्दीपुर निवासी खुर्शीद खान का पुत्र जिशान खान सोमवार पूर्वाह्न बाइक से जा रहा था। इसी दौरान चारपहिया वाहन सवार लोगों ने उसे कथित रूप से जबरन अपने कब्जे में ले लिया। घटना के दौरान फायरिंग किए जाने की भी बात सामने आई, जिससे सड़क पर कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलने पर भीमपुर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रारंभिक जांच शुरू की। इसके बाद त्रिवेणीगंज के एसडीपीओ दिलीप कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई एसआईटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ त्रिवेणीगंज दिलीप कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई। टीम को अलग-अलग छापामारी दलों में बांटकर संदिग्ध ठिकानों पर कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक जांच के साथ स्थानीय स्तर पर मिली सूचनाओं और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों को आधार बनाकर संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद सुपौल पुलिस ने अररिया पुलिस और एसटीएफ की मदद से फुलटाहा थाना क्षेत्र में कार्रवाई की और जिशान खान को सकुशल बरामद कर लिया।
एक आरोपित गिरफ्तार, वाहन भी जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटना में कथित रूप से शामिल नीतीश कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चारपहिया वाहन भी बरामद किया है। मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की पहचान किए जाने की बात पुलिस ने कही है।
रुपये के लेन-देन का विवाद बना अपहरण की वजह
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ के मुताबिक, जिशान खान और आरोपित पक्ष के बीच कथित अवैध कारोबार से जुड़े रुपये-पैसे के लेन-देन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के चलते अपहरण की घटना को अंजाम दिए जाने की बात गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ में सामने आई है।
हालांकि, पूरे मामले की वास्तविक वजह और घटना में प्रत्येक आरोपित की भूमिका की पुलिस अभी विस्तृत जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपित के आपराधिक इतिहास का भी सत्यापन कराया जा रहा है।
भीमपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापामारी की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि अपहरण, फायरिंग और रुपये के विवाद के पीछे पूरा घटनाक्रम क्या था।
आगरा (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। चित्राहाट थाना क्षेत्र के बलीपुरा गांव में रविवार देर रात…
मेरठ (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। देशभर में चर्चा में रहे सौरभ राजपूत हत्याकांड में अब…
छह पंचायतों में मचा हड़कंप; बगहा के 9 वार्ड जलमग्न पश्चिम चंपारण (राष्ट्र की परम्परा…
यूपी में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए नामांकन शुरू, 37 वोट का कोटा; BJP-NDA…
जम्मू-कश्मीर में विधायकों की सैलरी बढ़ाने की तैयारी, 1.80 लाख से 3 लाख रुपये करने…
गुगल नई दिल्ली (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन…