Categories: Newsbeat

एंबुलेंस के इंतजार में बीता कीमती वक्त, इलाज के दौरान घायल ने तोड़ा दम

सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर होने के बाद सरकारी एंबुलेंस में देरी का परिजनों ने लगाया आरोप, निजी एंबुलेंस से गोरखपुर ले जाने के बावजूद नहीं बची जान

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के परतावल अंतर्गत धरमौली में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 45 वर्षीय शिवधर यादव की रविवार सुबह गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद घायल को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने में परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। परिजनों ने आरोप लगाया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परतावल से जिला अस्पताल रेफर किए जाने के बाद सरकारी एंबुलेंस समय से नहीं पहुंची, जिसके चलते उन्हें निजी एंबुलेंस की व्यवस्था करनी पड़ी। घटना के बाद सरकारी एंबुलेंस सेवा की तत्परता और आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।जानकारी के अनुसार, सिरसिया मलमलिया निवासी हिरामन यादव के पुत्र शिवधर यादव धरमौली में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मौके पर मौजूद राहगीरों ने उन्हें तत्काल सीएचसी परतावल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।परिजनों का कहना है कि रेफर किए जाने के बाद घायल को दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए सरकारी एंबुलेंस का इंतजार किया गया, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। ऐसे में मजबूरी में परिजनों ने उन्हें ऑटो से ले जाने का निर्णय लिया। इसी बीच परिवार के अन्य सदस्य निजी एंबुलेंस लेकर सीएचसी पहुंच गए। परिजन जब शिवधर को ऑटो से निजी एंबुलेंस में स्थानांतरित कर रहे थे, तभी सरकारी एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। चालक और अटेंडेंट ने घायल को अपनी एंबुलेंस में ले जाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक परिजन निजी एंबुलेंस से उन्हें गोरखपुर के लिए रवाना कर चुके थे।गोरखपुर के निजी अस्पताल में शिवधर का उपचार चल रहा था, जहां रविवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।इस संबंध में श्यामदेउरवां थानाध्यक्ष महेंद्र मिश्रा ने बताया कि परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते हैं। मामले की जांच की जा रही है। वहीं, एंबुलेंस पहुंचने में कथित देरी को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि एंबुलेंस पहुंचने में देरी किन परिस्थितियों में हुई। इस घटना ने एक बार फिर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की समयबद्धता और जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Editor CP pandey

Recent Posts

भयमुक्त देवरिया की पहल: सुबह-सुबह सड़कों पर उतरी, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष जोर

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने, महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा का…

36 minutes ago

10 नवंबर: इतिहास के पन्नों में दर्ज हैं इन महान हस्तियों के जन्मदिन, किसी ने बदली धर्म की धारा तो किसी ने बनाई देश में नई पहचान

विशेष लेख | लेखक: अभिषेक कुमार इतिहास केवल बीती हुई घटनाओं का संग्रह नहीं होता,…

46 minutes ago

10 नवंबर का इतिहास: मोटरसाइकिल से लेकर विंडोज तक, आज के दिन दुनिया में हुए ये बड़े बदलाव

इतिहास के पन्नों में 10 नवंबर की तारीख कई महत्वपूर्ण घटनाओं, ऐतिहासिक फैसलों, तकनीकी आविष्कारों…

60 minutes ago

10 नवंबर 2026 का पंचांग और राशिफल: गोवर्धन पूजा पर इन 5 राशियों की चमकेगी किस्मत, जानें सभी 12 राशियों का हाल

10 नवंबर 2026, मंगलवार। कार्तिक शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि और गोवर्धन पूजा के पावन…

2 hours ago

यूपी के 17 शहरों की बदलेगी सूरत! कहीं स्मार्ट सड़कें तो कहीं हाईटेक सुविधाएं, जानिए आपके शहर का नाम है शामिल?

लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। उत्तर प्रदेश के शहरों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने…

13 hours ago

योगी को चेतावनी, अखिलेश को बधाई!

SIR विवाद के बीच केजरीवाल का बड़ा सियासी हमला, चुनाव आयोग पर उठाए सवाल; 2027…

13 hours ago