लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा)। राजधानी स्थित वीवीआईपी गेस्ट हाउस (साकेत) में मध्य प्रदेश सरकार की मंत्री सम्पतिया उइके तथा मध्य प्रदेश भाजपा की प्रदेश मंत्री राजो मालवीय से भारत तिब्बत समन्वय संघ (बीटीएसएस) पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष (युवा) आनंद सिंह की मुलाकात हुई। इस दौरान मध्य प्रदेश सरकार के कार्यों, भाजपा संगठन और बीटीएसएस की गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई और कई महत्वपूर्ण तथ्यात्मक जानकारियां साझा की गईं।
बैठक में उत्तर प्रदेश के वर्तमान राजनीतिक और सामाजिक परिदृश्य, संगठन विस्तार, युवाओं की भागीदारी और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर गंभीर मंथन किया गया। साथ ही दोनों राज्यों में संचालित विकास योजनाओं, विशेषकर पेयजल आपूर्ति और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर अनुभवों का आदान-प्रदान हुआ।
सम्पतिया उइके के पास लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्रालय का दायित्व है, जो ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल और जल प्रबंधन से जुड़ा महत्वपूर्ण विभाग है। उत्तर प्रदेश में इसी विभाग की जिम्मेदारी स्वतंत्र देव सिंह के पास है। मंडला की मूल निवासी उइके वर्तमान में आलीराजपुर और सिंगरौली जिलों की प्रभारी मंत्री भी हैं और आदिवासी क्षेत्रों में विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
वहीं नर्मदापुरम की निवासी राजो मालवीय भारत तिब्बत समन्वय संघ की राष्ट्रीय महामंत्री हैं। संगठन के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सीमावर्ती क्षेत्रों के मुद्दों और सामाजिक जागरूकता को लेकर उनके प्रयासों की भी चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान आपसी समन्वय को मजबूत करने, संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने तथा भविष्य में संयुक्त कार्यक्रम आयोजित करने पर सहमति बनी। दोनों नेताओं के सुलझे और सकारात्मक विचारों की सराहना करते हुए इस मुलाकात को उपयोगी और प्रेरणादायक बताया गया।
इस अवसर पर उन्हें उत्तर प्रदेश की सूचना निदर्शिनी, मथुरा का तिलक और बीटीएसएस की चाभी के गुच्छे भेंट किए गए।
लखनऊ में एमपी-यूपी समन्वय पर चर्चा, सम्पतिया उइके और राजो मालवीय से बीटीएसएस के आनंद सिंह की मुलाकात
RELATED ARTICLES
