मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प को समर्पित: दयाशंकर मिश्र

महराजगंज में प्रेस वार्ता के दौरान प्रभारी मंत्री ने गिनाईं केंद्र और प्रदेश सरकार की प्रमुख उपलब्धियां

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा) उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद प्रभारी मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा और सांस्कृतिक विरासत के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों तक पहुंचा है, जिससे उनके जीवन स्तर में व्यापक सुधार हुआ है।

शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करोड़ों परिवारों को पक्का घर मिला है। वहीं उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जनधन योजना, पीएम स्वनिधि योजना और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना जैसी योजनाएं जरूरतमंद वर्गों के लिए बेहद लाभकारी साबित हुई हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान के माध्यम से सरकारी सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ी है तथा योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों तक पहुंच रहा है।

डॉ. मिश्र ने कहा कि जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री अभियान, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक पहचान और बढ़ते विदेशी निवेश ने विश्व स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। वहीं स्वच्छ भारत मिशन, आत्मनिर्भर भारत, वोकल फॉर लोकल, हर घर तिरंगा और फिट इंडिया जैसे अभियानों ने जनभागीदारी को मजबूत किया है।

महराजगंज के विकास कार्यों का किया उल्लेख

प्रभारी मंत्री ने कहा कि गोरखपुर-सोनौली फोरलेन परियोजना, ठूठीबारी-महराजगंज मार्ग का चौड़ीकरण तथा सोनौली में एकीकृत चेक पोस्ट (आईसीपी) का निर्माण जिले के विकास को नई गति दे रहा है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती जिला होने के बावजूद महराजगंज आज बेहतर सड़क नेटवर्क और आधारभूत सुविधाओं के कारण तेजी से विकास कर रहा है।

उन्होंने बताया कि जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हजारों परिवारों को लाभ मिला है। इसके अलावा बड़ी संख्या में लोगों को आयुष्मान कार्ड, निःशुल्क राशन और स्वरोजगार योजनाओं का लाभ प्राप्त हुआ है। मेडिकल कॉलेज, क्रिटिकल केयर अस्पताल और जल जीवन मिशन जैसी परियोजनाओं से स्वास्थ्य एवं पेयजल सुविधाएं मजबूत हुई हैं।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों और प्रदेश सरकार के नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की छवि में व्यापक बदलाव आया है और आज प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था एवं विकास का प्रमुख इंजन बनकर उभरा है। उन्होंने विश्वास जताया कि विकास और जनकल्याण की यह यात्रा आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

प्रेस वार्ता से पूर्व जिलाधिकारी गौरव सिंह सोंगरवाल एवं मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने प्रभारी मंत्री, जनप्रतिनिधियों एवं अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, सिसवा विधायक प्रेम सागर पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Karan Pandey

Recent Posts

ट्रेनों में चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार

देवरिया: रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी का मोबाइल…

21 hours ago

निजी सेंटरों के भरोसे राष्ट्रीय परीक्षाएं, पुराने वादों पर फिर उठे सवाल

NTA के गठन के 9 साल बाद भी निजी परीक्षा केंद्रों पर निर्भर व्यवस्था, कैबिनेट…

1 day ago

बीबीएयू में गूंजा नशामुक्त भारत का संकल्प, छात्रों ने ली शपथ

लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा)। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी…

2 days ago

नशा मुक्त भारत के संकल्प के साथ जिले के शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। भारत सरकार और उत्तर प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा…

2 days ago

दो वर्षों से बिजली को तरस रही पोखरभीडा चौहान टोले की जनता-विजय रावत

भलुअनी(राष्ट्र की परम्परा)l बरहज विधानसभा के भलुअनी ब्लॉक के पोखरभीडा गाँव में चौहान टोले पर…

2 days ago

नशामुक्त युवा ही सशक्त समाज और विकसित भारत की मजबूत नींव: सिंहपाल सिंह

नशामुक्त भारत के लिए युवाओं से जुड़े प्रधानमंत्री, महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय में सुना गया वर्चुअल…

2 days ago