बालिकाओं की सुरक्षा से बुजुर्गों के सम्मान तक, देवरिया में पुलिस का व्यापक मॉर्निंग अभियान

देवरिया, (राष्ट्र की परम्परा)। आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने और पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से सोमवार सुबह जिलेभर में ‘गुड मॉर्निंग देवरिया’ और एंटी रोमियो चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में पुलिस टीमों ने सुबह के समय पार्कों, स्टेडियमों, प्रमुख मार्गों, विद्यालयों, मंदिरों और शिवालयों के आसपास विशेष सतर्कता बरती।
अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने पार्कों और सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे महिला-पुरुष नागरिकों से सीधे संवाद किया। लोगों की समस्याएं और सुझाव सुने गए तथा उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया। प्रमुख पार्कों और मार्गों पर तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में बुजुर्ग नागरिकों से आत्मीयता के साथ बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली। बुजुर्गों को हरसंभव सहायता, सम्मान और सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। पुलिस की इस पहल से वरिष्ठ नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने का प्रयास किया गया।
अभियान के तहत सार्वजनिक और संवेदनशील स्थानों के साथ प्रमुख मार्गों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की गई। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों को आवश्यक हिदायत दी। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की गई।
महिला और बालिका सुरक्षा को अभियान में विशेष प्राथमिकता दी गई। विभिन्न थाना क्षेत्रों की एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालय और कोचिंग जाने वाली बालिकाओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। बालिकाओं को 1090 वूमेन पावर लाइन और 112 आपातकालीन सेवा समेत जरूरी हेल्पलाइन की जानकारी दी गई और किसी भी तरह की असुरक्षा या परेशानी होने पर तत्काल पुलिस की मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस के अनुसार ‘गुड मॉर्निंग देवरिया’ अभियान का उद्देश्य केवल चेकिंग करना नहीं, बल्कि सुबह के समय सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के साथ नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित करना भी है। अभियान के जरिए महिलाओं, बालिकाओं, बुजुर्गों और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनसंवाद, जन-जागरूकता, एंटी रोमियो चेकिंग तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का संदेश है—सुरक्षित सुबह, सशक्त नारी और सुरक्षित नागरिक के साथ भयमुक्त देवरिया की दिशा में लगातार प्रयास जारी रहेंगे।

Editor CP pandey

Recent Posts

दर्द से राहत ही नहीं, बेहतर जीवन की राह: देवरिया में 300 मरीजों का फिजियोथैरेपी शिविर

विश्व फिजियोथैरेपी दिवस पर सेवा की मिसाल, पकौली कुटी में उमड़े मरीज देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)।…

13 minutes ago

नदियाँ और उनका रौद्र रूप

नदियाँ अपना रौद्र रूप धरती हैं, तो सिर्फ़ घर नहीं बहते- बह जाते हैं सपने…

12 hours ago

सागर की जहरीली शराब त्रासदी : मौत के जाम के पीछे कौन?

हर बार मौत, हर बार जांच और फिर वही जहरीली शराब—कब टूटेगा माफिया का नेटवर्क?…

12 hours ago

कार्रवाई नहीं हुई तो थाने के गेट पर सपरिवार आत्मदाह की चेतावनी

पुलिस अधिकारियों पर अभद्रता व धमकी देने का आरोप, आश्वासन के बाद भी कार्रवाई न…

13 hours ago

सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में बीपीएड-एमएड में प्रवेश का मौका, 15 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए…

13 hours ago

शिक्षक दिवस पर पांच हजार से अधिक शिक्षकों को मिला डिजिटल प्रमाण पत्र

शिक्षा, साहित्य, साइबर सुरक्षा और तकनीकी जागरूकता से जुड़ी पांच नई पहलों का शुभारंभ पटना…

15 hours ago