शाहजहाँपुर(राष्ट्र की परम्परा)l ऑनलाइन ठगी के शिकार एक युवक को साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बड़ी राहत दिलाते हुए उसके खाते में 1.28 लाख रुपये वापस कराए हैं। साइबर पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते ठगी में प्रयुक्त बैंक खातों को समय रहते होल्ड कराया गया, जिससे पीड़ित की आंशिक धनराशि वापस मिल सकी।
साइबर थाना में दर्ज मुकदमा संख्या 09/2026 के अनुसार खुदागंज थाना क्षेत्र निवासी शदिवाकर विक्रम सिंह से जूडियो ट्रेंड की फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा देकर 5.23 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली गई थी। शिकायत मिलते ही साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की और गोल्डन आवर के दौरान तत्काल कार्रवाई करते हुए ठगी में प्रयुक्त दो बैंक खातों को होल्ड करा दिया। इसके बाद एक बैंक खाते से 1.28 लाख रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए गए।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सौरव दीक्षित के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेन्द्र कुमार तथा क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम शुभम वर्मा के पर्यवेक्षण में साइबर थाना प्रभारी रजनीश कुमार एवं उनकी टीम द्वारा की गई। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और शेष धनराशि वापस कराने के लिए संबंधित बैंकों एवं एजेंसियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
साइबर थाना प्रभारी रजनीश कुमार ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर घबराने के बजाय तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल के माध्यम से सूचना दें। समय पर शिकायत दर्ज होने से धनराशि फ्रीज कराकर वापस दिलाने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
