डीएम-एसपी ने धर्मगुरुओं के साथ की पीस कमेटी की बैठक, सुरक्षा, सफाई और बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। दशहरा, दीपावली और छठ सहित आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोंगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने विभिन्न समुदायों के धर्मगुरुओं एवं प्रबुद्धजनों के साथ पीस कमेटी की बैठक की। अधिकारियों ने सभी से आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ त्योहार मनाने की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में नई या गैर-परंपरागत गतिविधियों की अनुमति नहीं दी जाएगी। निर्धारित रूट और समय-सारिणी का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्व हमारी संस्कृति और परंपराओं के प्रतीक हैं। सभी त्योहार पारंपरिक तरीके से मनाए जाने चाहिए। कोई भी ऐसा कार्य नहीं किया जाना चाहिए, जिससे दूसरे समुदाय की भावनाएं आहत हों या कानून-व्यवस्था प्रभावित हो। उन्होंने आयोजकों को प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट चार्ट और समय-सारिणी का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया।सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री से बचने की अपीलडीएम ने सोशल मीडिया के इस्तेमाल में सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि भड़काऊ और भ्रामक पोस्ट पर पुलिस एवं प्रशासन की कड़ी नजर है। विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से तैयार की गई आपत्तिजनक सामग्री की निगरानी की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध सूचना या पोस्ट की सत्यता जांचे बिना उसे साझा अथवा प्रसारित न करें। भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को संबंधित थानों पर आयोजकों के साथ बैठक कर त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूजा पंडालों में साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन, बिजली आपूर्ति और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने को कहा।घाटों और विसर्जन स्थलों पर रहेगी विशेष निगरानीविद्युत विभाग को बिजली के खंभों और तारों का सर्वे कर जर्जर एवं लटकते तारों की मरम्मत कराने तथा निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। मूर्ति विसर्जन स्थलों और छठ घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश, चिकित्सा सुविधा और मेडिकल टीम की तैनाती सुनिश्चित करने को भी कहा गया। ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में त्योहारों के दौरान नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।ड्यूटी में लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही : एसपीपुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि आगामी एक महीने तक लगातार त्योहारों का माहौल रहेगा। ऐसे में सभी लोगों को आपसी सहयोग, भाईचारे और सद्भाव के साथ पर्व मनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि डीजे संचालकों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके हैं। पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने तथा छोटी से छोटी घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए हैं।एसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय होगी। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और किसी भी समस्या का समय रहते समाधान करने पर जोर दिया।बैठक में विभिन्न समुदायों के धर्मगुरुओं एवं प्रबुद्धजनों ने अपनी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के सामने रखे। उपस्थित लोगों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि दशहरा, दीपावली, छठ सहित सभी आगामी त्योहार आपसी सद्भाव, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाए जाएंगे।इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शिवम कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, विभिन्न उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
लकड़ी के मुगड़े से सिर पर किया वार, मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने मृत घोषित…
दिल्ली में लोकतंत्र बनाम सुरक्षा की जंग! 57 मेट्रो स्टेशनों पर पाबंदी और ट्रेनें रद्द…
पुरानी रंजिश में चाकू से हमला कर की थी वसीम खां की हत्या, आर्म्स एक्ट…
नोबेल शांति पुरस्कार 2026: ट्रंप की उम्मीदों पर फिरा पानी, भारतीय मूल की नावी पिल्लई…
फोटो प्रेस विज्ञप्ति शारदा यूनिवर्सिटी आगरा में नवाचारों का संगम, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ में…
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में खुला वेयरहाउस, पारदर्शिता के साथ होगी मशीनों की…