सब्जी खरीदने जा रहे युवक को रास्ते में घेर कर पीटा, मरा समझकर भागे हमलावर

मोटरसाईकिल की चाबी निकाल कर लाठी-डंडों से किया हमला,प्रेम प्रसंग की पुरानी रंजिश में वारदात का आरोप

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। बाजार में सब्जी खरीदने जा रहे एक युवक को रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हालत में सड़क पर अचेत हो गया। आरोप है कि हमलावर उसे मरा समझकर मौके से फरार हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसे तत्काल अमहवा चौराहे के एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। परिजनों ने इस हमले के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़ी पुरानी रंजिश को वजह बताया है।
जानकारी के मुताबिक रविवार शाम करीब पांच बजे कोतवाली थाना क्षेत्र के वन ग्राम बीट निवासी इन्द्रजीत साहनी पुत्र बैजनाथ मोटरसाईकिल से पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र के अमहवा चौराहे पर सब्जी खरीदने जा रहा था। अभी वह मरचहवा वन चौकी के समीप पहुंचा ही था कि गांव के कुछ लोगों ने उसे रास्ते में घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले उसकी मोटरसाईकिल की चाबी निकाल ली। विरोध करने पर लाठी-डंडों से उस पर ताबड़तोड़ प्रहार शुरू कर दिए।
अचानक हुए हमले से युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला। गंभीर चोट लगने से वह सड़क पर गिरकर अचेत हो गया। शरीर से खून बहता देख हमलावर उसे मृत समझ कर वहां से भाग निकले। कुछ देर बाद अमहवा बाजार की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर सड़क पर पड़े घायल युवक पर पड़ी। उन्होंने शोर मचाकर आस-पास के लोगों को बुलाया और परिजनों को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही पहुंचे परिजन उसे उपचार के लिए निजी चिकित्सक के पास ले गए।
परिजनों के अनुसार, करीब एक वर्ष पहले गांव की ही एक युवती से इन्द्रजीत का संबंध हो गया था। इस मामले में युवती के परिजनों की ओर से उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद से युवती इन्द्रजीत के साथ उसके घर पर रह रही है। परिजनों का आरोप है कि इसी मामले की पुरानी रंजिश में युवती के परिजनों ने इन्द्रजीत
को रास्ते में घेरकर जानलेवा हमला किया। परिजनों ने बताया कि होश में आने के बाद इन्द्र जीत ने मारपीट में शामिल लोगों के नाम बताए हैं। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक घटना के संबंध में पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई थी। तहरीर मिलने और पुलिस जांच के बाद ही हमले की वास्तविक वजह तथा आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

rkpshomnath

Recent Posts

फरार आरोपी के घर न्यायालय की उद्घोषणा चस्पा

16 दिसंबर तक पेश होने का आदेश शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)बदायूं जिले के दातागंज थाने…

8 minutes ago

युवा कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक में संगठन को मजबूत बनाने पर मंथन

कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों को गांव गांव पहुंचावे युवा कांग्रेसी - नरसिम्हा यादव देवरिया(राष्ट्र की…

11 minutes ago

गौशाला में 70 पशुओं की देखरेख के लिए चार कर्मचारी, मौके पर मिला एक

हरा चारा नदारद, गंदगी से पशुओं के स्वास्थ्य पर खतरा बलिया (राष्ट्र कि परम्परा )…

18 minutes ago

देवरिया की सियासत में विकास कुमार मिश्रा की नई एंट्री! सपा ने सौंपी लोहिया वाहिनी के जिला सचिव की कमान

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। समाजवादी पार्टी ने संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में कदम…

3 hours ago

पहले बेटे को मारी गोली, फिर पिता को बनाया निशाना! यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर पर डबल मर्डर से सनसनी

फोटो AI निर्मित मुजफ्फरनगर (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड सीमा से सटे गांव अबदीपुर में…

8 hours ago

ठंड ने बदला यूपी का मिजाज, 25 नवंबर से और गिरेगा पारा? कोहरे में सफर करने वालों के लिए अलर्ट

यूपी के 21 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी! देवरिया-गोरखपुर समेत इन इलाकों में बढ़ेगी…

9 hours ago