February 22, 2026

Hindi News – पढ़िए देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट और ज्योतिष से सम्बंधित सभी समाचार. Read Latest and Breaking news in hindi

गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे एवं नई रेलवे लाइन व परियोजनाओं से सम्बंधित काश्तकारों से भू-अर्जन व प्रतिकर वितरण की एडीएम ने की समीक्षा

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर के निर्देश के क्रम में अपर जिलाधिकारी जय प्रकाश की अध्यक्षता में जनपद से होकर गुजरने वाली गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना एवं नई रेलवे लाइन परियोजना हेतु सम्बंधित काश्तकारों से भू-अर्जन एवं प्रतिकर वितरण के संबंध में समीक्षा बैठक सम्बंधित विभागीय अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
अपर जिलाधिकारी ने उक्त परियोजनाओं हेतु आवश्यक भू-अर्जन एवं उसके सापेक्ष नियमानुसार प्रतिकर वितरण की कार्यवाही पूर्ण करने का निर्देश देते हुए कहा कि काश्तकारों के जमीनों-परिसम्पत्तियों का नियमानुसार मूल्यांकन करवाकर प्रतिकर धनराशि प्रभावित काश्तकारों को यथाशीघ्र दे दी जाएl जिससे परियोजनाओं के प्रगति कार्य में अनावश्यक विलम्ब न हो।
उन्होंने सम्बंधित उप जिलाधिकारी एवं परियोजना के नोडल विभाग/अध्याप्ति निकायों के अधिशाषी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवश्यकतानुसार आपसी सामंजस्य बनाते हुए कैम्प लगाकर कार्यो को पूर्ण कर लिया जाए, जिससे काश्तकारो को कोई असुविधा न हो। अपर जिलाधिकारी ने उक्त परियोजनाओं हेतु भू-अर्जन, प्रतिकर वितरण एवं अन्य सम्बंधित बिन्दुओं पर चर्चा, कार्यो की प्रगति एवं गुणवत्ता को सुनिश्चित रखने के दृष्टिगत सभी सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
इस अवसर पर विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी रमेश चन्द्र, उप जिलाधिकारी खलीलाबाद शैलेश दुबे, उप जिलाधिकारी धनघटा उत्कर्ष श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी मेंहदावल अरुण कुमार वर्मा, डिप्टी कलेक्टर संजीव राय, डिप्टी कलेक्टर कलेक्ट्रेट डा. सुनील कुमार, तहसीलदार धनघटा योगेन्द्र कुमार पाण्डेय, तहसीलदार मेंहदाल, अधिशाषी अभियन्ता लोनिवि, एन.एच. राम जानकी मार्ग, भूमि अध्याप्ति विभाग से दिनेश पाण्डेय, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित सम्बंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।