सुरक्षा व्यवस्था परखी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान कराने के दिए निर्देश

शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही निर्वाचन संबंधी तैयारियों का भी परीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती, सुरक्षा प्रबंधों और मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। डीएम और एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों एवं संबंधित अधिकारियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, मतदाताओं के साथ शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार करने तथा मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने को कहा। इसके साथ ही मतदान केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने देने और किसी भी अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए।डीएम और एसपी ने संबंधित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया। जनपद पुलिस द्वारा शिक्षक निर्वाचन को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।