गौरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की तैराकी, फुटबॉल और कबड्डी टीमों के चयन के लिए 27 से 29 अक्टूबर तक ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। चयनित टीमें आगामी अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगी।
विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के सचिव प्रो. राज वीर सिंह ने बताया कि ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी तैराकी प्रतियोगिता 2026-27 के लिए पुरुष एवं महिला टीम का चयन 27 अक्टूबर को सुबह नौ बजे से सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम के तरणताल में होगा। प्रतियोगिता नवंबर के अंतिम सप्ताह में एसआरएम विश्वविद्यालय, चेन्नई में प्रस्तावित है।
फुटबॉल पुरुष टीम का चयन 28 अक्टूबर को दोपहर एक बजे से विश्वविद्यालय के क्रीड़ांगन में किया जाएगा। सीएसजेएम विश्वविद्यालय, कानपुर में 14 नवंबर से आयोजित होने वाली अंतर विश्वविद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
इसी क्रम में कबड्डी पुरुष टीम के चयन के लिए 29 अक्टूबर को दोपहर एक बजे से विश्वविद्यालय के क्रीड़ांगन में ट्रायल होगा। चयनित टीम 18 नवंबर से वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेगी।
प्रो. राज वीर सिंह ने बताया कि ट्रायल में शामिल होने के इच्छुक छात्र-छात्राएं हाईस्कूल से अब तक के सभी मूल अंकपत्र, परिचय पत्र, शुल्क रसीद, आधार कार्ड और एक फोटो साथ लेकर निर्धारित समय एवं स्थान पर पहुंचें। महाविद्यालयों के प्रतिभागियों को अपने प्राचार्य से प्राप्त लिखित अधिकार पत्र भी प्रस्तुत करना होगा।
