एक सप्ताह में अधूरे कार्य पूरे करने के निर्देश लापरवाही पर वेतन रोकने की चेतावनी

देवरिया(राष्ट्र क़ी परम्परा)
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को नवीन मंडी स्थल देवरिया का औचक निरीक्षण कर विभिन्न निर्माणाधीन विकास कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने मंडी परिसर में निर्माणाधीन 25 ‘स’ श्रेणी की दुकानों, एक छायादार नीलामी चबूतरा, चार वाटर स्टैंड पोस्ट/जलापूर्ति, आरसीसी नाली तथा आंतरिक मार्गों के मरम्मत एवं निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन दुकानों एवं अन्य कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधूरे कार्यों को एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा। साथ ही नाली एवं आंतरिक मार्गों के कार्य समय से पूरा कराकर मंडी में जल निकासी और आवागमन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मंडी परिसर में व्यापारियों एवं आमजन के लिए पेयजल व्यवस्था की भी जानकारी ली और वाटर स्टैंड पोस्ट/जलापूर्ति के कार्य को शीघ्र पूरा कराने को कहा। छायादार नीलामी चबूतरे का निर्माण भी निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए। जिन दुकानों में सामान रखा हुआ है, उन्हें खाली कराकर संबंधित प्रक्रिया पूरी करते हुए हैंडओवर कराने को कहा। उन्होंने पुराने दुकानों के आवंटन से संबंधित पत्रावलियां भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि लंबित कार्रवाई शीघ्र पूरी की जा सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा नहीं होने अथवा निर्देशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लापरवाही की स्थिति में वेतन रोकने की कार्रवाई किए जाने की भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि मंडी परिसर में व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी निर्माण एवं व्यवस्थागत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान निरीक्षण के दौरान डीएसटीओ अरुण कुमार सिंह, एडीएसटीओ आनंद चौरसिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।