सतराव/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। ग्राम पंचायत पिपरा भूली निवासी राजमिस्त्री रमेश प्रसाद (45) की सोमवार को बरहज थाना क्षेत्र के डेईडीहा गांव में हाईटेंशन करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। वह एक मकान की छत पर प्लास्टर का कार्य कर रहे थे। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़े। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहज ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

रिहायशी इलाके से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन बनी हादसे की वजह

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रमेश प्रसाद डेईडीहा निवासी जवाहर बरनवाल के मकान की रेलिंग पर प्लास्टर कर रहे थे। मकान के बगल से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही है। कार्य के दौरान वह लाइन की चपेट में आ गए और छत से नीचे गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे ने एक परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। रमेश प्रसाद की पत्नी का करीब एक वर्ष पहले निधन हो चुका था। अब उनकी मौत के बाद पुत्री अर्चना (18), काजल (16) तथा पुत्र अंकित (14) और आर्यन (12) के सिर से पिता का साया भी उठ गया है। चारों बच्चे अभी अविवाहित हैं। परिवार के सामने भरण-पोषण और बच्चों के भविष्य की चिंता खड़ी हो गई है।

घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि बच्चों की शिक्षा और परवरिश प्रभावित न हो।

थानाध्यक्ष विशाल कुमार उपाध्याय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं ग्रामीणों ने बिजली विभाग से रिहायशी क्षेत्रों से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।

You missed

सलम यादव बने समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के विधानसभा सचिव​ बलिया (राष्ट्र की परम्परा )समाजवादी पार्टी के संगठन विस्तार एवं मजबूती के क्रम में सलम यादव को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। ग्राम नेहता (सिवान कलां), जनपद बलिया निवासी स्वर्गीय सुब्बा यादव के पुत्र सलम यादव को समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ, बलिया का विधानसभा सचिव नामित किया गया है।इस मनोनयन पत्र के अनुसार, यह नियुक्ति समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अनुमति, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल और डॉ. राजपाल कश्यप (पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ) की सहमति तथा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ बलिया के जिलाध्यक्ष गुरुजलाल राजभर की संस्तुति पर की गई है। इस संबंध में आधिकारिक पत्र संजय चौहान (उर्फ टमाटर), ग्राम प्रधान एवं विधानसभा अध्यक्ष सिकंदरपुर (समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ, बलिया) द्वारा जारी किया गया है। मनोनयन पत्र में उम्मीद जताई गई है कि सलम यादव अपने कर्मठ प्रयासों से विधानसभा क्षेत्र में पिछड़ा वर्ग के अधिक से अधिक लोगों को समाजवादी पार्टी से जोड़ने का काम करेंगे। साथ ही, उनसे पार्टी के संविधान के अनुसार सक्रिय सदस्य बनकर संगठन को मजबूत बनाने की अपेक्षा की गई है।इस मनोनयन की प्रतिलिपि समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष (बलिया), जनपद बलिया के पार्टी सांसदों, विधायकों, पूर्व जनप्रतिनिधियों तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष के निजी सचिव को सूचनार्थ भेजी गई है। सलम यादव के नए सचिव बनने पर समर्थकों और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है।