देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)l जनपद में मूक-बधिर बच्चों के जीवन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा कॉक्लियर इम्प्लांट योजना संचालित की जा रही है। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी प्रियंका चौधरी ने बताया कि इस योजना के तहत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे बच्चों को लाभ दिया जाएगा, जो सुनने और बोलने में असमर्थ हैं।योजना के अंतर्गत श्रवण बाधित बच्चों का कॉक्लियर इम्प्लांट कराया जाता है, जिससे वे सुनने और बोलने में सक्षम हो सकें। इसके लिए प्रति बच्चे लगभग ₹6 लाख तक का अनुदान सरकार द्वारा प्रदान किया जाता है। विभाग द्वारा चयनित चिकित्सालयों में ही यह सुविधा उपलब्ध कराई जाती है, ताकि उपचार की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने पात्र बच्चों के लिए निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करें। आवेदन के साथ दिव्यांग प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, माता-पिता का आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और जाति प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा।आवेदन पत्र जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, कक्ष संख्या-17 में 25 अप्रैल 2026 तक जमा किए जा सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर पात्र बच्चों का परीक्षण कराया जाएगा और चयनित बच्चों को योजना का लाभ दिलाया जाएगा।यह योजना न केवल बच्चों के स्वास्थ्य और संचार क्षमता में सुधार लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, बल्कि उनके भविष्य को संवारने में भी सहायक सिद्ध होगी।
