Wednesday, April 22, 2026
HomeNewsbeatजरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी में एफआरसीटी देगा 10 लाख रुपये...

जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी में एफआरसीटी देगा 10 लाख रुपये की सहायता

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। समाज में बेटियों की शादी को लेकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की चिंता कम करने के उद्देश्य से फास्ट रिलीफ चैरिटेबल टीम (एफआरसीटी) लगातार सराहनीय पहल कर रही है। संस्था द्वारा इस माह जनपद की चार बेटियों की शादी में कुल 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। संस्था की इस पहल से जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

जिलाध्यक्ष सुधीर त्रिपाठी के नेतृत्व में संस्था के पदाधिकारियों ने संबंधित परिवारों का भौतिक सत्यापन कर आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए और सहायता देने की प्रक्रिया पूरी की। जिलाध्यक्ष ने बताया कि संस्था के सदस्य आपसी सहयोग से प्रत्येक जरूरतमंद बेटी की शादी में 2.5 लाख रुपये की सहायता प्रदान करते हैं।

उन्होंने बताया कि इस माह बृजमनगंज ब्लॉक के वर्डपुर निवासी रामप्रीत की पुत्री कोमल गोंड, पनियरा ब्लॉक के नेवास पोखर निवासी राजेश्वर यादव की पुत्री अंजली यादव, निचलौल ब्लॉक के गड़ौरा बाजार निवासी श्रीकृष्ण की पुत्री खुशबू विश्वकर्मा तथा धानी ब्लॉक के भेड़ियापार निवासी अजय त्रिपाठी की पुत्री मनीषा त्रिपाठी की शादी में संस्था द्वारा आर्थिक सहयोग दिया जाएगा।

संस्था के संस्थापक महेंद्र वर्मा ने बताया कि फास्ट रिलीफ चैरिटेबल टीम प्रदेश की एक अनोखी पहल है, जहां सदस्य मात्र 50-50 रुपये का सहयोग कर जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी में बड़ी आर्थिक मदद करते हैं। यह पहल समाज में सहयोग और संवेदना की भावना को मजबूत करने का काम कर रही है।

सह संस्थापक चन्द्रशेखर सिंह और चरन सिंह कुंवर ने बताया कि संस्था अब तक बेटियों की शादी में करीब 71 लाख रुपये की सहायता कर चुकी है। इसके अलावा आकस्मिक निधन और अन्य सामाजिक जरूरतों में भी संस्था लगातार मदद करती रही है।

बताया गया कि जनपद महराजगंज से अब तक 13,384 लोग संस्था से जुड़ चुके हैं और सभी के छोटे-छोटे सहयोग से बड़े स्तर पर सामाजिक कार्य किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर जिला महामंत्री सुनील वर्मा, शिवेंद्र कुमार, रंजीत चौधरी, मो. आजाद, दीपक जायसवाल, चंदन गुप्ता, अंबरीष भारती, धर्मेंद्र गौतम, संजय श्रीवास्तव, कन्हैया लाल, सुभाष चंद्र यादव, सनत त्रिपाठी, डॉ. दीपक जायसवाल, डॉ. चन्द्रशेखर और देव नारायण सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments