Sunday, July 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभारत-नेपाल सीमा पर अमेरिकी नागरिक गिरफ्तार, बिना वैध दस्तावेज नेपाल जाने की...

भारत-नेपाल सीमा पर अमेरिकी नागरिक गिरफ्तार, बिना वैध दस्तावेज नेपाल जाने की कोशिश नाकाम

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता के बीच सोनौली बॉर्डर पर पुलिस और 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने एक अमेरिकी नागरिक को बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के नेपाल जाने का प्रयास करते हुए गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम-2025 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में भारत-नेपाल सीमा पर अवैध आवागमन, संदिग्ध गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सोनौली पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली।

पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे एसएसबी के जवानों ने भारत से नेपाल की ओर जा रहे एक विदेशी नागरिक को संदिग्ध परिस्थितियों में रोककर जांच की। जांच के दौरान उसके पास नेपाल प्रवेश के लिए आवश्यक वैध यात्रा दस्तावेज नहीं पाए गए।

पूछताछ में उसकी पहचान जॉर्डन ब्राउन (36 वर्ष), पुत्र जेम्स ब्राउन, निवासी कैलिफोर्निया, संयुक्त राज्य अमेरिका के रूप में हुई। इसके बाद उसे थाना सोनौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने मु0अ0सं0 68/2026 के तहत धारा 21/23, आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम-2025 में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अमेरिकी नागरिक के पास से एक मोबाइल फोन, नेपाली मुद्रा, धार्मिक पुस्तकें, एआई ट्रांसलेटर, एक चीनी पासपोर्ट, डायरी, घड़ी सहित अन्य व्यक्तिगत सामान बरामद हुआ है। सुरक्षा एजेंसियां बरामद वस्तुओं के साथ उसके भारत आगमन और नेपाल जाने के उद्देश्य की जांच कर रही हैं।

अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल की खुली सीमा को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में एसएसबी के उपनिरीक्षक (सामान्य) नारायण सिंह दानू, मुख्य आरक्षी (सामान्य) करवीर प्रताप गहलोत तथा आरक्षी (सामान्य) गुड्डू कुमार शामिल रहे।
नोट: पुलिस द्वारा बरामद सामान और मामले की जांच जारी है। अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments