Tuesday, April 21, 2026
HomeNewsbeatपुराने तालाब से मिला संदिग्ध मोर्टार, इलाके में मचा हड़कंप

पुराने तालाब से मिला संदिग्ध मोर्टार, इलाके में मचा हड़कंप

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

मनियर थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक पुराने तालाब की खुदाई के दौरान संदिग्ध मोर्टार मिलने की सूचना सामने आई। ईंट भट्ठे के निर्माण के लिए चल रही खुदाई के बीच मिले इस विस्फोटक जैसी वस्तु ने पूरे इलाके में भय और कौतूहल का माहौल पैदा कर दिया है।जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार दोपहर लगभग 3 बजे की है। गंगापुर गांव में एक पुराने तालाब से पानी निकालकर उसे समतल किया जा रहा था, ताकि वहां निर्माण कार्य किया जा सके। इसी दौरान कुछ बच्चे मछली पकड़ने के उद्देश्य से तालाब में उतर गए। खेल-खेल में उन्हें एक भारी धातु का गोला जैसी वस्तु दिखाई दी, जिसे वे कबाड़ समझकर बाहर ले आए।बताया जा रहा है कि बच्चों ने उसे कबाड़ में बेचने के इरादे से ग्राइंडर मशीन से काटने की कोशिश भी की। हालांकि, मौके पर मौजूद कुछ बड़े लड़कों की नजर उस पर पड़ गई और उन्होंने तुरंत बच्चों को ऐसा करने से रोक दिया। यदि समय रहते उन्हें नहीं रोका जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।मोर्टार पर बने निशान और लिखावट ने मामले को और भी गंभीर बना दिया है। उस पर ‘ODR 11.06’, ‘204A’ तथा ‘51 MM M ILLG’ जैसे शब्द अंकित हैं। इसके अलावा उस पर चांद-सितारे जैसा प्रतीक भी देखा गया, जिसे ग्रामीण पाकिस्तान से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन इस तरह के चिन्ह मिलने से लोगों में दहशत व्याप्त है।घटना की सूचना मिलते ही मनियर थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और तुरंत उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। सुरक्षा के मद्देनजर मोर्टार को सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया है और आसपास के क्षेत्र को सतर्क कर दिया गया है।पुलिस के अनुसार, फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है, जो इस मोर्टार की वास्तविकता और उसके स्रोत का पता लगाएगी। प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि यह कोई पुराना सैन्य अवशेष हो सकता है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।
फिलहाल गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। लोग यह जानने को उत्सुक हैं कि आखिर यह मोर्टार तालाब में कैसे पहुंचा। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments