20 वर्षों से प्राचीन शिव मंदिर में रहकर कर रहे थे पूजा-पाठ, सेना से सेवानिवृत्त थे स्वामी देवानंद भारती
मुजफ्फरनगर (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में मंगलवार रात प्राचीन शिव मंदिर के 81 वर्षीय पुजारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। भौराकलां थाना क्षेत्र के आईटीआई इलाके में स्थित मंदिर में हुई इस वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बाइक सवार दो युवक पुजारी को आवाज देकर मंदिर से बाहर बुलाने के बाद उनके सीने में गोली मारकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।मृतक की पहचान स्वामी देवानंद भारती के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मध्य प्रदेश के ग्वालियर के निवासी थे और सेना से सेवानिवृत्त थे। बताया जाता है कि वह पिछले करीब 20 वर्षों से प्राचीन शिव मंदिर में रहकर पूजा-पाठ और मंदिर की सेवा कर रहे थे।जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब नौ बजे बाइक सवार दो युवक मंदिर पहुंचे। उन्होंने पुजारी को आवाज देकर बाहर बुलाया और उनके सीने में गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर पास के क्वार्टर में तैनात पीआरडी जवान घटनास्थल की ओर दौड़ा, लेकिन तब तक दोनों हमलावर फरार हो चुके थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बुजुर्ग पुजारी की हत्या की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया।घटना की सूचना पर सहारनपुर के डीआईजी अभिषेक सिंह, एसएसपी सूरज कुमार राय और एसपी देहात अक्षय संजय महाडीक मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस के मुताबिक, मौके से एक गोली बरामद हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोली पुजारी के शरीर को आर-पार कर गई थी।डीआईजी अभिषेक सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में आशंका है कि वारदात को अंजाम देने वाले हमलावर पुजारी को पहले से जानते थे। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पुरानी रंजिश और हाल के दिनों में हुए किसी विवाद सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।हत्याकांड का खुलासा करने के लिए पुलिस ने सर्विलांस, एसओजी और स्थानीय थाने की तीन टीमें गठित की हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों की गतिविधियों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। फिलहाल दोनों हमलावर फरार हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या के कारणों और वारदात में शामिल लोगों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मॉर्निंग वॉकर्स से संवाद कर सुरक्षा का भरोसा, बुजुर्गों की समस्याएं सुनीं; एंटी रोमियो टीम…
ब्यूटी एवं फैशन | लेखिका: रंजना अगर आप भी इस बार नवरात्रि में गरबा नाइट…
लेखिका: चन्द्र प्रभा पाण्डेय बदलते मौसम का असर हमारी त्वचा और बालों पर साफ दिखाई…
सत्ता की सियासत, बयानबाजी और लोकतंत्र के दोहरे मापदंड पर तीखा व्यंग्य किसने किसको क्या…
वैशाली में नाव पलटने से बड़ा हादसा: 13 लोगों की मौत की खबर, मासूम बच्चियों…
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल कोलकाता (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। पश्चिम बंगाल की पूर्व…