February 22, 2026

राष्ट्र की परम्परा

निष्पक्ष खबर, सशक्त विचार

कांवरियों से भरी बस और ट्रक में जबरदस्त टक्कर, 5 श्रद्धालुओं की मौत , 23 घायल

मौके पर पहुंची पुलिस और एनडीआरएफ की टीम, अस्पताल में घायलों का इलाज जारी


देवघर (राष्ट्र की परम्परा डेस्क),सावन के पवित्र महीने में बाबाधाम देवघर जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बस मंगलवार की अहले सुबह एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। देवघर जिले के मोहनपुर प्रखंड अंतर्गत जमुनिया के पास कांवरियों से भरी बस और एक ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में बस चालक सहित 5 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि 23 अन्य घायल हुए हैं। इनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसा इतना भयानक था कि टक्कर के बाद बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। मृतकों में सभी कांवरिए बताए जा रहे हैं, जो बाबाधाम में जलाभिषेक करने जा रहे थे। घायलों को एंबुलेंस और स्थानीय वाहनों की मदद से तत्काल देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची, राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया गया। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए अन्य मेडिकल सेंटरों में रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

प्रशासन अलर्ट मोड में
देवघर जिला प्रशासन ने हादसे को गंभीरता से लेते हुए मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतकों की पहचान की जा रही है। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।

श्रद्धालुओं की भीड़ में शोक की लहर
इस हादसे की खबर मिलते ही पूरे कांवरिया पथ और बाबाधाम में शोक की लहर दौड़ गई। जलाभिषेक के लिए उमड़े भक्तों में दुःख और आक्रोश दोनों है। कई श्रद्धालु घटनास्थल के पास पहुंचकर अपने साथियों की जानकारी लेने लगे।