संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। भारतीय जनता पार्टी तामेश्वरनाथ मंडल की मासिक बैठक रविवार को संपन्न हुई। जिसमें संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने पर जोर दिया गया। बैठक में कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक पार्टी को सशक्त बनाने तथा जनसंपर्क बढ़ाने का आह्वान किया गया।

बैठक के मुख्य अतिथि एवं तामेश्वरनाथ मंडल प्रभारी ज्ञानेंद्र मिश्र ने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सफलता का आधार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने तथा सरकार की जनहितकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मंडल अध्यक्ष वीरेन्द्र शुक्ला ने संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं से समर्पण और सक्रियता के साथ कार्य करने की अपील की। बैठक में मंडल महामंत्री सुरेश विश्वकर्मा, प्रदीप सिंह सहित मंडल के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
