संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र के सेवहा बाबू और जखनियां गांव के अपराध पीड़ित न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। आरोप है कि पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) के आदेश के बावजूद धर्मसिंहवा पुलिस ने अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है। इससे स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
सेवहा बाबू गांव निवासी बुजुर्ग राम विजय ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ दबंगों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनका हाथ टूट गया। घटना के बाद उन्होंने स्थानीय थाने में तहरीर दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक (एसपी) और पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) से न्याय की गुहार लगाई। आरोप है कि उच्चाधिकारियों के निर्देश मिलने के बाद भी धर्मसिंहवा थाने में प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई।
पीड़ितों का कहना है कि सेवहा बाबू और जखनियां गांव के कई लोग भी इसी तरह अपनी शिकायतों को लेकर अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिल रहा। उनका आरोप है कि थाना स्तर पर मामलों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे पीड़ितों का कानून व्यवस्था पर भरोसा कमजोर हो रहा है।
पीड़ितों ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज की जाए तथा मामले में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाए।
