बाढ़ से उत्पन्न समस्याओं को लेकर प्रधान संघ के अध्यक्ष ने लिखा एसडीएम को पत्र - राष्ट्र की परम्परा
August 19, 2025

राष्ट्र की परम्परा

हिन्दी दैनिक-मुद्द्दे जनहित के

बाढ़ से उत्पन्न समस्याओं को लेकर प्रधान संघ के अध्यक्ष ने लिखा एसडीएम को पत्र

हल्का लेखपाल पर लगाये आरोप,फसलों के नुकसान के मुआवजे की मांग

कर्नलगंज/गोण्डा।(राष्ट्र की परम्परा)। बाढ़ से उत्पन्न समस्याओं को लेकर प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष ने उपजिलाधिकारी को पत्र लिखकर गांव में तैनात लेखपाल के कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए फसलों के नुकसान के मुआवजे की मांग की है।

विकास खण्ड कर्नलगंज के प्रधान संघ अध्यक्ष राहुल सिंह (ग्राम प्रधान कंजेमऊ) ने उपजिलाधिकारी को लिखे गए पत्र में कहा है कि कंजेमऊ ग्राम पंचायत में बाढ़ का पानी गांव के चारों तरफ फैला हुआ है तथा धान गन्ना व मक्का की अस्सी प्रतिशत फसल करीब (50 हेक्टेयर) नष्ट हो चुकी है। उन्होंने लेखपाल की कार्यशैली की शिकायत करते हुए कहा कि हल्का लेखपाल से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया तो लेखपाल ने फोन रिसीव करने की जहमत नहीं उठाई और न गांव में दिखाई पड़े। जबकि बाढ़ जैसी आपदा में गांव आने की उनकी जिम्मेदारी बनती है। प्रधान संघ अध्यक्ष राहुल सिंह ने बाढ़ से किसानों की नष्ट हुई फसलों का सर्वे करवाकर मुआवजा दिलवाने की उपजिलाधिकारी से मांग की है।