
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। आमजन की सुरक्षा, महिला एवं बालिका सुरक्षा को मजबूत बनाने और पुलिस-जनता के बीच विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को देवरिया जिले में पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में ‘गुड मॉर्निंग देवरिया’ और ‘एंटी रोमियो चेकिंग’ अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें सुबह से ही सक्रिय रहीं। इस दौरान पार्कों, स्टेडियमों, प्रमुख मार्गों, मंदिरों, शिवालयों और विद्यालयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया।अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने पार्कों और सड़कों पर मॉर्निंग वॉक कर रहे महिला एवं पुरुष नागरिकों से सीधा संवाद किया। उनकी समस्याओं और सुझावों को सुनने के साथ ही सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। प्रमुख पार्कों और मार्गों पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए।
बुजुर्गों से संवाद कर दिया सुरक्षा का भरोसा
जिले के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में बुजुर्ग नागरिकों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। पुलिसकर्मियों ने उन्हें सम्मान, सुरक्षा और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य बुजुर्गों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना रहा।अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की गई। पुलिस टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों को आवश्यक हिदायत दी। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी की गई।बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारीमहिला एवं बालिका सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में आने-जाने वाली बालिकाओं से संवाद किया। उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़े उपायों की जानकारी देते हुए वूमेन पावर लाइन 1090 और आपातकालीन सेवा 112 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया। पुलिस ने बालिकाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा महसूस होने पर तत्काल सहायता लेने के लिए जागरूक किया।पुलिस के अनुसार, ‘गुड मॉर्निंग देवरिया’ अभियान का उद्देश्य केवल चेकिंग करना नहीं, बल्कि आमजन से संवाद स्थापित कर पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाना और महिलाओं, बालिकाओं तथा बुजुर्गों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनसंवाद, जनजागरूकता, एंटी रोमियो चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस का संदेश है—“सुरक्षित सुबह, सशक्त नारी, सुरक्षित नागरिक, भयमुक्त देवरिया हमारी प्राथमिकता।”
