
हर सदन विजेता के साथ-साथ उप विजेता को भी मिले अधिकार- डा, अवधेश सिंह
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)शाने हिंद फोरम के संस्थापक सदस्य डा, अवधेश सिंह ने कहा है कि देश में दो सदस्यीय विधायिका होनी चाहिए। ताकि पक्ष व विपक्ष दोनों को मौका मिले और जन भागीदारी की बढ़े। यह व्यवस्था ग्राम पंचायत से लेकर विधानसभा और लोकसभा में भी लागू होनी चाहिए। जहां विजेता और उपविजेता को भी बराबर अधिकार मिले। इस व्यवस्था से न केवल लोकतांत्रिक प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी बल्कि भ्रष्टाचार पर भी अंकुश लगेगा। उन्होंने कहा कि देश से जातिवाद, संप्रदायवाद और भाई भतीजावाद समाप्त होना चाहिए। ताकि सभी लोगों को मौका मिले।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए डा, अवधेश सिंह ने कहा कि शाने हिंद फोरम कोई राजनैतिक दल नहीं है। यह एक सामाजिक संगठन है। देश भर में लोग इस फोरम से जुड़े हैं और लगातार लोग जुड़ रहे हैं। अवधेश सिंह ने कहा कि अभी तक अपने देश में ग्राम पंचायत से लेकर विधानसभा और लोकसभा में सिर्फ विजेता प्रतिनिधि को ही अधिकार दिया गया है। जबकि ऐसा नहीं होना चाहिए। दूसरे स्थान वाले प्रत्याशी को भी विधानसभा और लोकसभा समेत अन्य सदन में बैठने का अधिकार मिलना चहिए। इस व्यवस्था से बैलेंस बना रहेगा और लोकतंत्र का सिस्टम ढंग से चलेगा।
डॉ अवधेश सिंह ने यह भी कहा कि हम जातिवाद, संप्रदायवाद और भाई-भतीजावाद खत्म करने की बात करते हैं। ताकि लोगों का ध्यान शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार उपलब्ध कराने की ओर जाय। उन्होंने तमाम ऐसे देश का उदाहरण भी दिया जहां इस तरह की व्यवस्था लागू है और वो देश विकास का आयाम छू रहे हैं। उन्होंने युवाओं से इस व्यवस्था से जुड़ने की अपील की।
