
घनश्याम तिवारी की रिपोर्ट
बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम सिसोटार की बदहाल मुख्य सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सड़क की मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सोमवार को उपजिलाधिकारी सिकंदरपुर प्रवीण कुमार सिंह को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार अमित सिंह को सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव की मुख्य सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। मार्ग पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी और कीचड़ भर जाने से स्थिति और खराब हो जाती है।
इस सड़क से प्रतिदिन विद्यार्थी, किसान, महिलाएं, मरीज और अन्य ग्रामीण आवागमन करते हैं। सड़क की खराब हालत के कारण खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार समस्या की ओर जिम्मेदारों का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीणों के मुताबिक करीब दो माह पहले एक प्रतिनिधिमंडल क्षेत्रीय विधायक मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी से भी मिला था। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को सड़क की स्थिति से अवगत कराते हुए निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की थी। विधायक की ओर से जल्द काम शुरू कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन दो माह बीतने के बाद भी मौके पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से बदहाल सड़क के कारण लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। अब वे केवल आश्वासन के बजाय सड़क के स्थलीय निरीक्षण और ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की वास्तविक स्थिति का आकलन कराकर जरूरत के अनुसार तत्काल मरम्मत या पुनर्निर्माण कराने की अपील की है।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर सड़क समस्या के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो गांववासी एकजुट होकर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की बदहाली का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, मरीजों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों पर पड़ रहा है।
अब ग्रामीणों की निगाह तहसील प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है। उन्हें उम्मीद है कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर भेजकर सड़क का निरीक्षण कराया जाएगा और जल्द निर्माण अथवा मरम्मत की प्रक्रिया शुरू होगी। ज्ञापन सौंपने वाले ग्रामीणों का नेतृत्व नीरज कुमार राय ने किया।