देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। देवरिया की पूर्व जिलाधिकारी और 2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने करीब 13 वर्षों की प्रशासनिक सेवा के बाद अपने पद से स्वेच्छा से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा कर अपने इस फैसले की जानकारी दी। दिव्या मित्तल ने अपनी पोस्ट में आईएएस बनने के सफर, देश लौटने की वजह और प्रशासनिक सेवा के दौरान आम लोगों से मिले अनुभवों को याद किया।
साधारण परिवेश से निकलकर बेहतर भविष्य का सपना देखने वाली दिव्या मित्तल ने कड़ी मेहनत के दम पर आईआईटी दिल्ली और आईआईएम बेंगलुरु से शिक्षा हासिल की। पढ़ाई के बाद उन्हें लंदन में नौकरी का अवसर मिला, लेकिन विदेश में रहते हुए उन्हें अपने देश से दूर होने का खालीपन महसूस होता रहा।
दिव्या मित्तल ने अपने संदेश में कहा कि उनकी शिक्षा, आत्मविश्वास और दुनिया में कहीं भी आत्मसम्मान के साथ खड़े होने की क्षमता देश की मिट्टी से मिली है। इसी एहसास और देश के प्रति अपने दायित्व को पूरा करने की इच्छा उन्हें वापस भारत लेकर आई। इसके बाद उन्होंने भारतीय प्रशासनिक सेवा में आने का निर्णय लिया।
प्रशासनिक सेवा के दौरान देवरिया और मीरजापुर में बिताए समय को याद करते हुए उन्होंने आम लोगों से मिले स्नेह और सहयोग को अपनी यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उनके मुताबिक, सरकारी पद और जिम्मेदारियां एक पड़ाव हो सकती हैं, लेकिन देश और समाज के लिए कुछ करने का सपना जीवनभर साथ रहता है।
दिव्या मित्तल ने अपनी पोस्ट में 13 वर्षों की सेवा यात्रा को विराम देने की बात कही है। उनका भावुक संदेश सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
दिव्या मित्तल हाल तक देवरिया की जिलाधिकारी थीं। उन्हें 6 मई को देवरिया डीएम के पद से हटाया गया था। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वह वर्तमान में राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात थीं।