सिकंदरपुर/बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। ग्रेट निकोबार द्वीप के संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र में हस्ताक्षर अभियान चलाया। अभियान के माध्यम से लोगों को ग्रेट निकोबार में प्रस्तावित विकास परियोजनाओं के संभावित पर्यावरणीय और सामाजिक प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ग्रेट निकोबार द्वीप देश की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर है। यहां दुर्लभ वन्यजीव, प्रवासी पक्षी और समृद्ध जैव विविधता मौजूद है, जिसकी रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वीप के बड़े हिस्से को औद्योगिक और कॉरपोरेट परियोजनाओं के लिए उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है, जिससे पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।
वक्ताओं ने कहा कि प्रस्तावित परियोजनाओं के चलते लाखों पेड़ों की कटाई, वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों पर संकट और वर्षों से वहां रह रहे जनजातीय समुदायों के विस्थापन जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय समुदायों के अधिकारों की रक्षा के लिए जनसमर्थन जुटाने का आह्वान किया।
हस्ताक्षर अभियान में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया और ग्रेट निकोबार की प्राकृतिक संपदा को बचाने के समर्थन में अपने हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पर्यावरण और जनजातीय हितों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा और इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष उमाशंकर पाठक, बबलू शर्मा, मदन यादव, रीना देवी, बलवंत राय, आशा देवी, मुर्तुजा अहमद, अवधेश राय, आनंद मिश्रा, वंश बहादुर, हृदयानंद पांडे और पिंटू मिश्रा सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
