Sunday, June 7, 2026
HomeNewsbeatनारायणी नहर में मिला अज्ञात शव,क्षेत्र में फैली सनसनी

नारायणी नहर में मिला अज्ञात शव,क्षेत्र में फैली सनसनी

फॉरेंसिक टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण,शिनाख्त के प्रयास में जुटी पुलिस

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। घुघली थाना क्षेत्र के पड़री खुर्द गांव के समीप स्थित नारायणी नहर शाखा में रविवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। नहर में शव उतराता देख ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
सूचना मिलते ही घुघली थानाध्यक्ष सूरज कुमार, उप-निरीक्षक संजय कुशवाहा तथा पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से शव को नहर से बाहर निकलवाया। इस दौरान बीपीओ छट्ठू प्रसाद गोंड़ ने विशेष सक्रियता दिखाते हुए शव को बाहर निकालने और घटनास्थल की व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण सहयोग किया।
घटना की जानकारी फैलते ही आस-पास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। मृतक के पास से कोई ऐसा दस्तावेज या सामान भी नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू की। पुलिस आस-पास के थानों से संपर्क कर गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है, ताकि मृतक की पहचान सुनिश्चित की जा सके।पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। मृतक की पहचान और मृत्यु के कारणों को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments