Tuesday, June 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभारत में फिदायीन हमला करने की फिराक में था शहबाज सिद्दीकी! ATS...

भारत में फिदायीन हमला करने की फिराक में था शहबाज सिद्दीकी! ATS पूछताछ में बड़ा खुलासा

कासगंज/लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा)। पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से कथित संबंधों के आरोप में गिरफ्तार किए गए शहबाज सिद्दीकी ने पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने स्वीकार किया है कि वह भारत में फिदायीन (सुसाइड बॉम्बिंग) हमला करने के लिए तैयार था और केवल पाकिस्तान में बैठे आतंकियों के निर्देश का इंतजार कर रहा था।

उत्तर प्रदेश ATS ने सोशल मीडिया से मिले इनपुट के आधार पर 18 मई को कासगंज निवासी शहबाज सिद्दीकी को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन से कई अहम डिजिटल सबूत बरामद हुए हैं।

मोबाइल फोन से मिले आतंकियों से संपर्क के सबूत

ATS को आरोपी के फोन से जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आतंकियों के साथ कथित बातचीत की रिकॉर्डिंग, चैट और अन्य डिजिटल सामग्री मिली है। जांच में यह भी सामने आया है कि शहबाज पुलवामा आतंकी हमले से जुड़े आतंकियों के संपर्क में था।

सूत्रों के मुताबिक, मोबाइल चैट में आरोपी ने पुलवामा हमले को सही ठहराया था, जबकि भारतीय सेना की सर्जिकल स्ट्राइक का विरोध किया था। इसके अलावा उसने भारत में हुई अन्य आतंकी घटनाओं पर खुशी भी जाहिर की थी।

फिदायीन हमले की थी तैयारी

पूछताछ में शहबाज ने बताया कि वह भारत में फिदायीन हमला करने के लिए तैयार था। इस संबंध में उसकी पाकिस्तान स्थित आतंकियों से बातचीत भी हुई थी। आरोप है कि उसे कट्टरपंथी और भड़काऊ वीडियो भेजे गए थे तथा समय आने पर हमले का स्थान और तरीका बताने की बात कही गई थी।

नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी

जांच एजेंसियों को आशंका है कि शहबाज के संपर्क में भारत के कई अन्य संदिग्ध लोग भी हो सकते हैं। ATS अब उसके नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि आगे की पूछताछ और तकनीकी जांच से कई महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।

फिलहाल मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां आरोपी के संभावित नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments