औरैया (राष्ट्र की परम्परा)
भारत की जनगणना 2027 को सफल और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से जनपद औरैया में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का द्वितीय चरण शुरू कर दिया गया है। यह प्रशिक्षण 20 अप्रैल से प्रारंभ होकर 22 अप्रैल तक संचालित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न तहसीलों और नगर निकायों के प्रशिक्षार्थी भाग ले रहे हैं।
प्रशिक्षण के दौरान जिला जनगणना अधिकारी ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी प्रगणक और सुपरवाइजर इस प्रशिक्षण को गंभीरता से लें, ताकि फील्ड में कार्य करते समय किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े और जनगणना का कार्य सुचारू रूप से पूरा हो सके। प्रशासन द्वारा जनगणना कार्य के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं और आम जनता से भी सहयोग की अपील की गई है।
पहले दिन सुदिती ग्लोबल एकेडमी में तहसील औरैया के 238 में से 9, नगर पंचायत फफूंद के 44 में से 2 तथा नगर पालिका परिषद औरैया के 84 में से 4 प्रशिक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं रैपिड ग्लोबल एकेडमी बिधूना में तहसील बिधूना के 441 में से 4 प्रशिक्षार्थी अनुपस्थित रहे, जबकि आरजीएस कॉलेज बिधूना में नगर पंचायत बिधूना के सभी 45 प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान अजीतमल में तहसील अजीतमल के 189 में से 2 प्रशिक्षार्थी अनुपस्थित रहे, जबकि नगर पंचायत अजीतमल बाबरपुर के सभी 35 प्रतिभागी उपस्थित रहे। कुल मिलाकर प्रशिक्षण में बड़ी संख्या में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे और प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। प्रशासन का उद्देश्य है कि जनगणना 2027 का कार्य पूरी पारदर्शिता और सटीकता के साथ संपन्न हो।
